ब्रिटेन: कैंब्रिजशायर के पास चलती ट्रेन में कई यात्रियों पर चाकू से हमला, 10 लोग घायल; दो संदिग्ध गिरफ्तार
ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर में ट्रेन में हुई चाकूबाजी से हड़कंप मच गया। इस हमले में 10 लोग घायल हुए, जिसमें नौ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रेन को हंटिंगडन स्टेशन पर रोककर दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने घटना को भयावह बताते हुए निंदा की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ब्रिटेन के कैम्ब्रिजशायर के हंटिंगडन स्टेशन पर एक ट्रेन में चाकू के सामूहिक हमले में घायल हुए 10 लोगों को अस्पताल ले जाया गया। जानलेवा चोट आने से इनमें से दो लोगों की की हालत बेहद गंभीर है। देश में ट्रेनों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार ब्रिटिश ट्रांसपोर्ट पुलिस (बीटीपी) ने रविवार को बताया कि शनिवार शाम लंदन जाने वाली ट्रेन में हुए इस हमले के सिलसिले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। वहीं, ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने सोशल मीडिया पर इस भयावह घटना की निंदा करते हुए लोगों से पुलिस की सलाह मानने की अपील की।
ट्रेन में सामूहिक चाकू से हमले के आतंकवाद से जुड़े होने की अटकलों को पूरी तरह से खारिज करते हुए ब्रिटिश परिवहन पुलिस अधीक्षक जॉन लवलेस के मुताबिक, ऐसा कुछ भी नहीं है जो यह बताए कि यह एक आतंकवादी घटना है। बताते चलें कि इस हमले के बाद पुलिस बल ने आतंकवादी हमले की प्रतिक्रिया में इस्तेमाल किए जाने वाले प्लेटो नाम का राष्ट्रीय कोड वर्ड जारी किया था, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया। लवलेस ने घायलों की भी जानकारी दी और बताया कि इस हमलें में 10 लोग घायल हुए थे, जिनमें से 9 की हालत गंभीर बनी हुई थी। जानलेवा हालत में घायलों की संख्या नौ से घटकर दो हो गई है। उन्होंने बताया कि चार को छुट्टी दे दी गई है और एक और घायल के अस्पताल पहुंचने से कुल घायलों की संख्या 11 हो गई है। बीटीपी मुताबिक, इसे एक बड़ी घटना घोषित किया गया है और आतंकवाद निरोधी पुलिस जांच में हमारा सहयोग कर रही है। हम इस वारदात की स्थितियों और इसके पीछे की वजहों का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
अश्वेत ब्रिटिश और कैरेबियाई मूल के हैं हमलावर
लवलेस ने कहा, ब्रिटेन में जन्में दोनों हमलावर अलग-अलग पुलिस थानों में हिरासत में हैं। एक 32 साल का अश्वेत ब्रिटिश और दूसरा 35 वर्षीय कैरेबियाई मूल का है। ब्रिटिश परिवहन पुलिस अधीक्षक लवलेस ने पूर्वी इंग्लैंड के हंटिंगडन में स्टेशन के बाहर कहा, ट्रेन में सवार यात्रियों ने शाम 7:42 बजे पहली आपातकालीन कॉल किए जाने के आठ मिनट बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था। यात्री दहशत और अफरा-तफरी में थे। कई लोग ट्रेन के डिब्बों से भाग रहे थे और कुछ शौचालयों में सुरक्षा की तलाश कर रहे थे। यह एक चौंकाने वाली घटना है और मेरी संवेदनाएं घायलों और उनके परिवारों के साथ हैं।
ट्रेन में हुए खूनी उत्पात के बाद आरोपियों को पकड़ने पहुंची थी पुलिस
दरअसल, यह हमला डॉनकास्टर से लंदन के किंग्स क्रॉस स्टेशन जाने वाली हाई-स्पीड ट्रेन के दक्षिण की तरफ कैम्ब्रिजशायर के हंटिंगडन स्टेशन पर हुआ। हंटिंगडन कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय शहर से कुछ मील उत्तर-पश्चिम में स्थित एक बाजार शहर है। यहां सशस्त्र पुलिस के दो लोगों को गिरफ्तार करने के लिए ट्रेन में धावा बोलने के दौरान यह हमला हुआ। जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के नजदीकी पीटरबरो स्टेशन से रवाना होने के बाद ट्रेन में हुए खूनी उत्पात के बाद एक अधिकारी ने एक बड़े चाकू वाले शख्स को टेजर शॉक-गन से गोली मार दी थी। ट्रेन के हंटिंगडन पहुंचते ही सशस्त्र पुलिस और एयर एम्बुलेंस सहित आपातकालीन सेवाओं ने तुरंत प्रतिक्रिया दी। स्थानीय पुलिस बल कैम्ब्रिजशायर कॉन्स्टेबुलरी के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार शनिवार शाम 7:39 बजे (भारतीय समयानुसार रात के 1:09 बजे) हंटिंगडन स्टेशन पर अधिकारियों के पहुंचते ही सशस्त्र पुलिस बल ने दोनों हमलावरों को स्टेशन पर ही गिरफ्तार कर लिया। स्काई न्यूज ने एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से लिखा है कि उसने अपने कोच में किसी को यह कहते हुए सुना कि उनके पास एक चाकू है, उसे चाकू मारा गया है। यह शख्स हमलावरों से बचने के लिए खून से लथपथ कोच से होकर जा रहा था।
एलएनईआर न दी सफर से बचने की सलाह
जानकारी के मुताबिक, ब्रिटेन में ईस्ट कोस्ट मेनलाइन सेवाएं संचालित करने वाले लंदन नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे (एलएनईआर) ने पुष्टि की है कि यह वारदात उसकी एक ट्रेन में हुई थी। उसने यात्रियों से अपील की है कि बड़ी रुकावट की वजह से सफर करने से बचें। वहीं, ईस्ट ऑफ इंग्लैंड एम्बुलेंस सर्विस ने कहा कि उसने हंटिंगडन रेलवे स्टेशन पर बड़े पैमाने पर राहत अभियान चलाया, जिसमें तीन एयर एम्बुलेंस सहित कई एम्बुलेंस और क्रिटिकल केयर टीमें शामिल थीं।
ब्रिटिश गृह सचिव ने लोगों से की अटकलों से बचने की अपील
कैम्ब्रिजशायर और पीटरबरो के मेयर पॉल ब्रिस्टो ने कहा कि ट्रेन में हुई इस भयावह वारदात से उन्हें बेहद दुख पहुंचा। ब्रिटिश गृह सचिव शबाना महमूद ने घटना पर दुख जताते हुए लोगों से अनर्गल बयानों और अटकलों से बचने की अपील करते हुए कहा, मुझे जांच को लेकर नियमित अपडेट मिल रहे हैं। शैडो होम सेक्रेटरी यानी वरिष्ठ विपक्षी राजनेता क्रिस फिलिप ने इस घटना को क्रूर सामूहिक हमला करार देते हुए पुलिस और सरकार को जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
चाकूबाजी ब्रिटेन में है राष्ट्रीय संकट
देश के सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, ब्रिटेन में 2011 से चाकूबाजी के अपराध लगातार बढ़े हैं। यह इतना अहम मुद्दा बन गया है कि पीएम स्टार्मर ने इसे राष्ट्रीय संकट करार दिया है। बीते एक साल में बडे पैमाने पर की गई सरकारी कार्रवाई के तहत पुलिस ने 60,000 चाकू या तो सौंपे या जब्त किए हैं। ब्रिटेन में सार्वजनिक तौर से चाकू ले जाने पर चार साल तक की कैद हो सकती है।
हमले से किंग चार्ल्स हैरान और दुखी
किंग चार्ल्स ने रविवार को कैम्ब्रिजशायर में ट्रेन में हुए चाकू हमले पर गहरा दुःख जताते हुए इसे एक भयानक घटना बताया। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में कहा, मैं और मेरी पत्नी कल रात कैम्ब्रिजशायर में एक ट्रेन में हुए भयानक चाकू हमले के बारे में सुनकर सचमुच हैरान और सदमे में हैं। हमारी गहरी सहानुभूति और संवेदनाएं सभी पीड़ितों और उनके प्रियजनों के साथ हैं। उन्होंने आगे लिखा, हम इस भयानक घटना पर आपातकालीन सेवाओं की प्रतिक्रिया के लिए खासतौर से आभारी हैं।
ये भी पढ़ें:- US-China Ties: ट्रंप-जिनपिंग की मुलाकात अमेरिका-चीन रिश्तों की नई शुरुआत? हेगसेथ बोले- रिश्ते पहले से बेहतर
ये भी पढ़ें:- केन्या के पश्चिमी रीफ वैली में भूस्खलन: कम से कम 21 लोगों की मौत, 30 लापता; बारिश के बावजूद बचाव अभियान जारी