Ukraine War: कामिकेज ड्रोन से कीव पर हमला, यूक्रेन जंग में रूसी सेना की मदद के लिए ईरान की एंट्री!
कीव के क्षेत्रीय गवर्नर ओलेक्सी कुलेबा ने कहा कि ईरानी ड्रोन से हमला राजधानी के आसपास के इलाके में हुआ। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले में कोई हताहत हुआ है या नहीं। कीव में जिस जगह ईरानी ड्रोन से हमला किया गया, वहां बचावकर्मियों को भेजा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
करीब आठ माह से जारी रूस-यूक्रेन जंग में अब ईरान की परोक्ष एंट्री हो गई है। यूक्रेन की राजधानी कीव के आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार तड़के ईरान निर्मित कामिकेज ड्रोन से हमला किया गया। अमेरिका समेत नाटो जहां यूक्रेन को हथियार भेज रहे हैं, वहीं अब लगता है कि रूस की मदद के लिए भी ईरान आगे आया है।
सोमवार को पूरे यूक्रेन में बड़े पैमाने पर हुए रूस के घातक हमलों के बाद लगातार चौथी सुबह हवाई हमले का संकेत देने वाले सायरन की आवाज सुनी गई। कीव के क्षेत्रीय गवर्नर ओलेक्सी कुलेबा ने कहा कि ईरानी ड्रोन से हमला राजधानी के आसपास के इलाके में हुआ। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमले में कोई हताहत हुआ है या नहीं। कीव में जिस जगह ईरानी ड्रोन से हमला किया गया, वहां बचावकर्मियों को भेजा गया है।
मायकोलाइव में रातभर गोलाबारी
यूक्रेन के दक्षिणी मोर्चे पर लड़ाई जारी रहने के बीच दक्षिणी शहर मायकोलाइव में रातभर हुई गोलाबारी में पांच मंजिला इमारत नष्ट हो गई। मायकोलाइव के मेयर ऑलेक्जेंडर सिएनकोविच ने कहा कि इमारत की ऊपरी दो मंजिलें एक ही हमले में पूरी तरह से नष्ट हो गईं और शेष पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई। तत्काल यह स्पष्ट नहीं है कि घटना में क्या कोई हताहत हुआ है या नहीं।
यूक्रेन ने जवाबी कार्रवाई शुरू की
यूक्रेन के दक्षिणी मोर्चे पर सुबह हमले होना आम हो गया है। वहीं, यूक्रेन की सेना ने रूस के कब्जे वाले क्षेत्र को फिर से अपने अधिकार में लेने के लिए जवाबी कार्रवाई की। रूस ने सोमवार को कीव को चार बार निशाना बनाया था। उस दिन देशभर में हुए रूसी हमलों में कम से कम 19 लोग मारे गए थे और 100 से अधिक घायल हो गए थे।
पश्चिमी देश यूक्रेन भेज रहे हथियार
पश्चिमी देशों के नेताओं ने इस सप्ताह यूक्रेन को और हथियार भेजने का संकल्प लिया है, जिसमें वायु रक्षा प्रणाली और हथियार शामिल हैं। कीव ने कहा है कि हमलावर रूसी सेना को हराने के लिए ये हथियार बेहद महत्वपूर्ण हैं।