56 माह बाद शांति के संकेत: यूक्रेन और रूस के बीच 27 अक्तूबर से सीजफायर, मानवीय आधार पर किन बिंदुओं पर सहमति?
रूस और यूक्रेन के बीच सीजफायर को लेकर सहमति बन गई है। बातचीत की प्रक्रिया से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक कुछ दिनों का संघर्ष विराम 27 अक्तूबर से प्रभावी होगा। खास बात ये है कि अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के अभियान से पहले यह समझौता हुआ है।
विस्तार
रूस और यूक्रेन के बीच साढ़े चार साल से अधिक समय से जंग हो रही है। युद्ध के उन्माद में लाखों लोगों की जान जा चुकी है। दोनों देशों के बीच संघर्षविराम कराने की एक और पहल को सफलता मिलने के संकेत मिले हैं। समाचार एजेंसी एसोसिएटेड प्रेस (एपी) की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन की तरफ से बातचीत और संघर्षविराम को लेकर हो रही वार्ता में शामिल एक सीनियर नेगोशिएटर का कहना है कि रूस के साथ मानवीय आधार पर संघर्षविराम 27 अक्तूबर से शुरू होगा और कई दिनों तक चलेगा। लोकल ह्यूमनिटेरियन सीजफायर का जिक्र करते हुए वरिष्ठ वार्ताकार ने जल्द ही संघर्षविराम की शर्तों को लेकर विस्तार से जानकारी दिए जाने का आश्वासन भी दिया। गौरतलब है कि रूस और यूक्रेन के बीच 24 फरवरी, 2022 से ही संघर्ष हो रहा है।
मानवीय सहायता के लिए यूक्रेन में 27 अक्तूबर से युद्धविराम
रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेन में मानवीय सहायता पहुंचने के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। रूस के साथ एक स्थानीय युद्धविराम 27 अक्तूबर से शुरू होगा, जो कई दिनों तक चलेगा। यह घोषणा यूक्रेन के प्रमुख वार्ताकार ने शुक्रवार देर रात की।यूक्रेन के लोकपाल और मुख्य वार्ताकार दिमित्रो लुबिनेट्स ने बताया कि यह युद्धविराम खेरसॉन क्षेत्र और अभियान के लिए आवश्यक पड़ोसी क्षेत्रों में लागू होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यह पहल भविष्य के मानवीय अभियानों के लिए एक आदर्श बन सकती है।
मेलानिया ट्रंप का अभियान
यह युद्धविराम अमेरिकी प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप के नेतृत्व में शुरू होने वाले एक मानवीय अभियान से दो दिन पहले प्रभावी होगा। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक यूक्रेनी, रूसी और अमेरिकी वार्ताकारों ने शुक्रवार को इस समझौते पर सहमति जताई। इसका उद्देश्य दक्षिणी यूक्रेन के खेरसॉन क्षेत्र में रूस-अधिकृत शहर ओलेशकी में मानवीय सहायता उपलब्ध कराना है।