मैक्सिको शहर के दक्षिण में जोचिमिको की नहरों के बीचों-बीच एक छोटा सा द्वीप मौजूद है। यहां की तस्वीरें एक प्रकार के दर्द को प्रदर्शित करती हैं। यहां जिस तरफ भी देखें वहीं डरावनी गुड़िया दिखाई देती हैं। यूं तो ये खिलौने छोटे बच्चों को बहुत भाते हैं लेकिन यहां मौजूद खिलौनों की तस्वीरें बच्चों को बिल्कुल नहीं लुभाती। इनकी तस्वीरें मात्र देखने से बच्चे तो बच्चे बड़े भी डर जाते हैं। कॉन्ज्युरिंग फिल्म में एक एनाबेल डॉल को जिसने भी देखा वह कांप गया लेकिन इस द्वीप पर मौजूद इतनी सारी डरावनी गुड़ियों की तस्वीरें देख ली जाएं तो आप सोच सकते हैं कि आपका क्या हाल होगा। एक बार ये खबर पढ़ने के बाद आपको लग सकता है कि ये झूठ है लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है यह बात बिल्कुल सच है। इस द्वीप का नाम भी इसी कारण 'इस्ला दे लास मुनेकास' यानि (गुड़ियाओं का द्वीप) रखा गया है।
गरीब लड़की की आत्मा को समर्पित द्वीप
यह द्वीप एक गरीब लड़की की खोई हुई आत्मा को समर्पित है। यूं तो इस इलाके के आस-पास हजारों लोग रहते हैं लेकिन यह द्वीप हजारों गुड़िया का घर माना जाता है। उनके कटे हुए अंग, क्षीण सिर और खाली आंखें पेड़ों को सजाते हैं। दिन के समय तो इन गुड़ियों को देखकर ऐसा प्रतीत होता है जैसे यह कोई धमकी दे रही हों लेकिन रात के अंधेरे में ये काफी परेशान दिखाई देते हैं। ऐसा माना जाता है कि इस द्वीप पर सालों पहले एक लड़की डूब गई थी और अब इन गुड़ियों के आस पास उसकी आत्मा रहती है। द्वीप के आस पास रहने वाले लोगों का कहना है ये सभी गुड़िया अपनी सिर और बाहें हिलाती हैं और कई बार तो अपना मुंह भी खोलती हैं।
आपस में बात करती हैं गुड़िया
वहीं कुछ गवाहों का ये भी कहना है कि ये गुड़िया आपस में फुसफुसाते हुए बातें करती हैं। द्वीप के पास रहने वाले लोग तो यह भी कहते हैं कि गुड़िया उन्हें द्वीप पर उतरने के लिए लुभाती हैं। बेशक इस जगह के बारे में ऐसा बोलने वाले लोग अतिरंजित लगते हों लेकिन ये बात सच है कि ये एक डरावना स्थान है जो आगंतुकों को आने के लिए आकर्षित करता है।
ऐसी है इनकी हालत
यहां चारों ओर ऐसी डरावनी गुड़िया लटकी हुई हैं जिनमें से कुछ के सिर पीछे की तरफ मुड़े हुए हैं, तो कुछ के केवल सिर लटके हुए हैं। इन गुड़ियों में कोई जली हुई है, कोई टूटी हुई है तो कोई गंदी है। इस जगह पर खाद की एक अजीब सी गंध आती है। ये कभी नीली आंखों से, तो कभी भूरी आंखों से तो कभी बिना आंखों के मौजूद लोगों को देखती हैं।
ये यहां आईं कैसे?
यह एक बहुत बड़ा सवाल है कि ये गुड़िया यहां कैसे आईं।वाशिंगटन पोस्ट में छपी एक खबर के मुताबिक इस द्वीप की देखभाल करने वाले डोन जुलियन संतना बरेरा ने यहां एक छोटी सी लड़की को डूबते हुए देखा था। इसके बाद उन्होंने उसे बचाने की कोशिश भी की लेकिन वह उसे बचाने में असफल रहे। इसके कुछ समय बाद उन्होंने वहां एक गुड़िया को नहरों के पास तैरते हुए देखा। सबसे अजीब बात तो यह थी कि वह गुड़िया उसी लड़की से संबंधित थी जिसकी डूबने से मौत हुई थी। फिर जुलियन ने उस गुड़िया को पकड़ा और उस छोटी सी लड़की की आत्मा को सम्मान देने और उसकी भावनाओं को समर्थन देने के लिए पेड़ पर लटका दिया। वहीं कई रिपोर्ट ऐसी भी आई हैं जिनमें कहा गया है कि जुलियन ने ये कहानी एकांत में रहने के कारण बनाई है और वहां कोई लड़की नहीं डूबी थी।