अमेरिका : डेमोक्रेटिक बहस में बिडेन बोले, अगर जीते तो महिला बनेगी उपराष्ट्रपति
अमेरिका के आगामी राष्ट्रपति चुनाव में व्हाइट हाउस तक सफर तय करने के प्रति आशान्वित डेमोक्रेट दावेदार जो बिडेन ने कहा, मौजूदा लड़ाई में बर्नी सैंडर्स कहीं नहीं टिकते हैं। उन्होंने कहा, यदि वे राष्ट्रपति बनते हैं तो उनके मंत्रिमंडल में उपराष्ट्रपति पद के लिए किसी महिला को नियुक्त करेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि इस दौड़ के लिए उपराष्ट्रपति पद की उम्मीदवार को डेमोक्रेटिक नामांकन जीतना चाहिए।
बता दें कि जो बिडेन खुद अमेरिका के उपराष्ट्रपति रह चुके हैं। वे राष्ट्रपति पद के डेमोक्रेटिक प्रत्याशी के लिए होने वाली बहस में बोल रहे थे। बर्नी सैंडर्स ने भी उपराष्ट्रपति पद के लिए महिला को प्राथमिकता देने की बात कही।
अमेरिका में जारी महामारी (कोरोना वायरस) के बीच डेमोक्रेट प्रत्याशी के बतौर रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप के प्रतिद्वंद्वी बनने के दावेदार के रूप में चली इस बहस में बर्नी सैंडर्स ने देश की स्वास्थ्य प्रणाली के बेहाल होने को सुधारने का वादा किया। बिडेन ने कहा कि हम वायरस से युद्ध कर रहे हैं, यह एक संकट है जिसका पुलिस से कोई लेनादेना नहीं है।
बहस से पूर्व हाथ के बजाय कोहनियां मिलाईं
बहस शुरू होने से पहले दोनों डेमोक्रेटिक नेताओं ने हाथ मिलाने के बजाय कोरोना वायरस के डर के चलते एक-दूसरे से कोहनियां मिलाकर अभिवादन किया। दोनों एक दूसरे से छह फुट की दूरी पर पोडियम पर बहस करते देखे गए। जबकि वाशिंगटन में बहस के दौरान टेलीविजन स्टूडियो में दर्शकों के बिना ही दोनों ने भाषण दिया।