West Bengal: पुलिस पर आदिवासी किशोरी के शव को घसीटने के आरोपों पर राष्ट्रीय महिला आयोग ने मांगी रिपोर्ट
West Bengal: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बंगाल पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर तीन दिनों के अंदर जवाब मांगा है। राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग के चेयरमैन प्रियंक कानूनगो ने भी जानकारी मांगी है। राष्ट्रीय बाल सुरक्षा आयोग की चार सदस्यीय टीम शनिवार को ही मौके पर पहुंचेगी...
विस्तार
पश्चिम बंगाल में पुलिस का एक अमानवीय चेहरा सामने आया है। घटना उत्तर दिनाजपुर के कालियागंज की है। शुक्रवार को यहां एक आदिवासी किशोरी के साथ दुष्कर्म और हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस नाबालिग के शव को घसीटते ले गई, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद लोग शुक्रवार को सड़कों पर उतरे और शनिवार को भी सुबह से स्थानीय लोग सड़कों पर उतर आए। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठी चार्ज की और आंसू गैस के गोले छोड़े।
इस बीच, जानकारी मिली है कि आदिवासी किशोरी के शव को पुलिस द्वारा घसीटे जाने का वीडियो सामने आने के बाद राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बंगाल पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर तीन दिनों के अंदर जवाब मांगा है। राष्ट्रीय बाल अधिकार आयोग के चेयरमैन प्रियंक कानूनगो ने भी जानकारी मांगी है। राष्ट्रीय बाल सुरक्षा आयोग की चार सदस्यीय टीम शनिवार को ही मौके पर पहुंचेगी। राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग के अध्यक्ष प्रियंक कानूनगो ने कहा कि वे मृतक के परिवार से बात करेंगे। प्रियंक कानूनगो ने बताया कि आयोग मौके पर जाकर पूरी स्थिति देखने के बाद केंद्र को रिपोर्ट करेगा।
इस बीच, शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने नाबालिग के परिजनों से मुलाकात की और कहा, अगर वे कहेंगे तो हाई कोर्ट के माध्यम से मामले की जांच सीबीआई जांच की मांग की जाएगी। सुकांत ने पुलिस पर मामला दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है। सुकांत ने कहा, बंगाल में कानून व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो चुका है। भाजपा नेताओं ने कालियागंज थाने पर धरना भी दिया।
पुलिस के अनुसार कलियागंज थाने के साहेबघाटा गांव निवासी किशोरी गुरुवार दोपहर घर से निकली थी। लेकिन वह देर शाम तक घर नहीं लौटी। किशोरी का कोई पता नहीं चला। परिजनों ने कई जगह तलाश की, लेकिन वह नहीं मिली। घर के लोगों को पता चला कि किशोरी एक लड़के के साथ है। शुक्रवार की सुबह नाबालिग का शव घर के पास स्थित तालाब में तैरता हुआ मिला।
जानकारी के मुताबिक पुलिस इस मामले को आत्महत्या बता रही है, जबकि लोगों का आरोप है कि किशोरी की हत्या की गई है। इस बात को लेकर स्थानीय लोगों और पुलिस के बीच झड़प भी हुई। इस बीच, शुक्रवार को बंगाल पुलिस का एक अमानवीय चेहरा सामने आया, पुलिस किशोरी के शव को घसीटते हुए ले थी, जिसका वीडियो वायरल हो गया। इसके बाद लोग और उत्तेजित गए और जमकर बवाल हुआ। लोग हत्यारों को फांसी की सजा देने की मांग कर रहे हैं।