बड़कोट (उत्तरकाशी)। माघ मेले के सफल आयोजन के बाद जिला पंचायत ने वसंत मेला (कुंड की जातर) की तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने गंगनाणी बड़कोट में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर मेले को भव्य रूप देने की तैयारियों पर चर्चा की। इस वर्ष 13 फरवरी से तीन दिवसीय मेला शुरू होगा।
यमुनोत्री यात्रा मार्ग से सटे गंगनाणी स्थित कुंड से गंगा की जलधारा निकलने की मान्यता है। कुंड से निकलकर यह जलधारा यहां यमुना नदी से संगम करती है। जिला पंचायत द्वारा इसे वसंत मेले के रूप में आयोजित किया जाता है। इस वर्ष 13 फरवरी से वसंत मेला (कुंड की जातर) शुरू होगा। शनिवार को जिला पंचायत अध्यक्ष जशोदा राणा ने गंगनाणी पहुंचकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से मेले को भव्य रूप दिया जाएगा। मेले में मुख्यमंत्री के साथ ही केंद्रीय एवं राज्य के मंत्रियों को आमंत्रित किया जाएगा। इस मौके पर नौगांव की ब्लाक प्रमुख रचना बहुगुणा, भाजपा के जिलाध्यक्ष श्याम डोभाल, जिला पंचायत सदस्य भगत सिंह राणा, महावीर बिष्ट, चंद्रमोहन राणा, भूपेंद्र, हंसपाल बिष्ट, रणजीत, दिनेश लाल, संजय, चिरंजीव, विनोद राणा, मनमोहन रावत, अरविंद राणा, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी कबूल चंद, अमित डिमरी आदि मौजूद रहे।