Uttarakhand: साइकिल से घर लौट रहा था व्यक्ति, झाड़ियों से निकलकर भालू ने कर दिया हमला, मौत
सोमवार सुबह रविन सरदार अपने साथी प्रशांत सरकार के साथ काम की तलाश में सिडकुल गए थे, वहां से दोनों साइकिल से घर लौट रहे थे। तभी रास्ते में झाड़ियों से निकले भालू ने उनपर हमला कर दिया। इसमें रविन की मौत हो गई।
विस्तार
सिडकुल में नौकरी की तलाश कर घर लौट रहे दो श्रमिकों पर भालू ने हमला कर दिया। घायल श्रमिक की उपचार के दौरान मौत हो गई।
सोमवार सुबह ग्रामसभा सुरेंद्रनगर निवासी रविन सरदार (58) पुत्र स्व. खिरोद सरदार अपने साथी प्रशांत सरकार (52) पुत्र शिवपद सरकार के साथ काम की तलाश में सिडकुल गए थे। वहां से दोनों साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में झाड़ियों से निकले भालू ने उनपर हमला कर दिया। रविन भालू के चुंगल में फंस गए, जबकि प्रशांत ने किसी तरह जान बचाई।
सूचना पर रविन के पुत्र रंजीत ने आकाश सरकार के साथ उसे सितारगंज के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान राजा हालदार की सूचना के बाद डिप्टी रेंजर खीम सिंह अधिकारी, वन दरोगा नवीन सिंह मेहरा, राजेश खन्ना और देवी दत्त तिवारी ने मौका मुआयना कर रिपोर्ट दर्ज की। रविन के परिवार मेें पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्रवधू हैं।
ये पढ़ें- Uttarakhand Accident: उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, 17 महिलाएं घायल, जानें कहां और कैसे हुआ एक्सीडेंट
सिडकुल कर्मी व लकड़ी चुगान करने वाले रहे सावधान
शक्तिफार्म वन क्षेत्राधिकारी घनानंद चनियाल ने सिडकुल की फैक्ट्रियों में काम के लिए आने-जाने वाले और सूखी लकड़ी उठाने के लिए जंगल जाने वाले लोगों को सावधान रहने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि सर्दियों में जंगली जानवर अक्सर आबादी से सटे इलाकों में विचरण करते पाए जाते हैं। ऐसे में जंगल के रास्ते निकलने वाले लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।