नितेश हत्याकांड: पुलिस ने दो और आरोपियों को दबोचा, मामले में अब तक पांच आरोपी जेल में
नितेश जौहरी हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विस्तार
रंजिश में नितेश जौहरी की हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार देर रात को सिडकुल चौकी प्रभारी हेमंत सिंह कठैत ने पुलिस टीम और एसओजी के साथ लुमिनस फैक्टरी के पास निर्माणाधीन देवभूमि कॉलोनी के पगडंडी मार्ग पर घेराबंदी कर अमन कुमार और भोला उर्फ देव मंडल को दबोच लिया। मामले में अब तक पांच आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
बाथरूम जाने का बहाना बनाकर भागा था विकास, हत्या के प्रयास में प्राथमिकी
नितेश हत्याकांड का मुख्य हमलावर विकास कुमार पुलिस अभिरक्षा से भागने के लिए बाथरूम जाने का बहाना बनाकर वाहन से उतरा था। पुलभट्टा के पास उसने दरऊ चौकी प्रभारी पवन जोशी को धक्का देकर सरकारी पिस्टल छीन ली और झाड़ियों में छिप गया। पुलिस के अनुसार, उसने टीम पर चार राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने से घायल हो गया। एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि उसके खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में अलग से प्राथमिकी दर्ज की गई है। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त आला और खून से लथपथ टीशर्ट बरामद की है।
एसएसपी के आश्वासन के बाद अंतिम संस्कार को माने परिजन
नितेश के अंतिम संस्कार को लेकर अड़े परिजनों को एसएसपी अजय गणपति ने समझाया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा का भरोसा दिया। इसके बाद करीब परिजन अंतिम संस्कार के लिए राजी हुए।
