Uttarakhand: मेट्रो शहरों तक पहुंच रही सिडकुल की सप्लाई, उत्पादन 40 प्रतिशत बढ़ा
रुद्रपुर सिडकुल में आने वाले त्योहारी सीजन और मेट्रो शहरों की बढ़ती मांग के कारण बिस्किट, साबुन, टूथपेस्ट, हेल्थ ड्रिंक व पैकेज्ड फूड बनाने वाली कंपनियों का उत्पादन 40% तक बढ़ गया है।
विस्तार
आने वाले फेस्टिव सीजन और मेट्रो शहरों में बढ़ती डिमांड की वजह से रुद्रपुर सिडकुल की कंपनियों में रोजमर्रा के उत्पादन में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बिस्किट, साबुन, टूथपेस्ट, हेल्थ ड्रिंक और पैकेज्ड फूड बनाने वाली इकाइयों ने टारगेट पूरा करने के लिए उत्पादन क्षमता बढ़ा दी है और अतिरिक्त शिफ्ट शुरू की हैं।
सिडकुल के आंकड़ों के अनुसार, मई से जुलाई के बीच एफएमसीजी और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में सबसे ज्यादा ग्रोथ देखी गई है। बड़ी कंपनियों ने पैकिंग और मैन्युफैक्चरिंग लाइन पर तीसरी शिफ्ट शुरू की है। कई यूनिट 24 घंटे चल रही हैं। कारोबारियों ने बताया किदिल्ली-एनसीआर और मुंबई के डिस्ट्रीब्यूटरों से ऑर्डर में 35 से 40 प्रतिशत की बढ़ोतरी आई है।
आने वाले महीनों में दीपावली, करवाचौथ और शादियों को देखते हुए कंपनियां पहले से स्टॉक कर रही हैं। रुद्रपुर की दिल्ली से 250 किलोमीटर की दूरी और बेहतर सड़क कनेक्टिविटी की वजह से यहां बना माल 48 घंटे में मेट्रो शहरों तक पहुंच जा रहा है। सबसे ज्यादा मांग बिस्किट, नमकीन, साबुन, शैंपू, टूथपेस्ट और हेल्थ ड्रिंक की है। एक कंपनी के प्लांट हेड ने कहा कि हमारा रोजाना उत्पादन पहले 80 टन था जो अब 112 टन हो गया है। पैकिंग सेक्शन में 400 अस्थायी कर्मचारियों की नई भर्ती की गई है। लोकल युवाओं को भी रोजगार मिला है।
सिडकुल की कई कंपनियां रोजमर्रा की वस्तुओं का उत्पादन करती हैं। कंपनियों में बाहरी राज्यों से माल की डिमांड है। इसलिए उत्पादन में उछाल दर्ज किया गया है। - गजेंद्र सिंह, अध्यक्ष सिडकुल एसोसिएशन