{"_id":"2ff5d13b03334836785b62e6802b8be4","slug":"pant-university-institute-of-france-with-the-agreement-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":" पंत विवि ने फ्रांस के संस्थान के साथ किया करार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पंत विवि ने फ्रांस के संस्थान के साथ किया करार
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो/ पंतनगर (ऊधमसिंह नगर)।
Updated Fri, 06 Nov 2015 11:38 PM IST
विज्ञापन
शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में परस्पर सहयोग के लिए पंतनगर विवि ने फ्रांस के ‘एग्रीकल्चरल प्रोफेशनल एंड वोकेशनल इंस्टीट्यूशन’ के साथ एक समझौते पर शुक्रवार को हस्ताक्षर किए। समझौते के अंतर्गत दोनों संस्थाओं के बीच विद्यार्थियों एवं संकाय सदस्यों का आदान प्रदान होगा। एक दूसरे के संस्थानों में शैक्षिक टूर भेजे जाएंगे।
विज्ञापन
विवि के इंटरनेशनल स्कूल ऑफ एग्रीकल्चर के सभागार में इस करार पर पंत विवि की तरफ से वित्त नियंत्रक पंकज तिवारी एवं फ्रांस के संस्थान की ओर से फ्रांस के कृषि मंत्रालय के भारतीय नेटवर्क समन्वयक जॉन क्रिस्टोफ यग्री ने हस्ताक्षर किये। गवाहों के रूप में पंत विवि के कुलसचिव डॉ. जे कुमार एवं फ्रांस के कृषि मंत्रालय के दूसरे भारतीय नेटवर्क समन्वयक क्रिस्टोफ ग्रोल ने हस्ताक्षर किए। हस्ताक्षर के बाद दोनों पक्षों द्वारा प्रपत्रों का आदान प्रदान किया गया।
विज्ञापन
कुलपति डॉ. मंगला राय ने कहा कि विश्वविद्यालय लगभग चार हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में फैला हुआ है। इसमें आधारभूत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के महाविद्यालय विभिन्न कार्यक्रमों को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने करार करने पर दोनों पक्षों को बधाई देते हुए कहा कि भारत के इस प्रथम एवं विश्व के दूसरे सबसे बडे़ कृषि विवि के साथ करार किए जाने से फ्रांस के संस्थान को लाभ होगा।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि फ्रांस का संस्थान अगुवाई करते हुए पूरे यूरोपियन संघ में पंत विवि के साथ समझौता कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है जिसे बाद में फ्रेंच भाषा बोले जाने वाले अफ्रीकी देशों में संयुक्त कार्यक्रम चलाए जाने के लिए भी विस्तारित किया जा सकता है। उन्होंने आशा प्रकट की, कि दोनों संस्थानों के बीच सहयोगी कार्यक्रमों के अच्छे परिणाम निकलेंगे। फ्रांस के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य जॉन क्रिस्टोफ ने कहा कि पंत विवि के साथ हुआ समझौता कई वर्षों के आपसी विचार विमर्श का परिणाम है। इसमें एक दूसरे की शक्तियों एवं आवश्यकताओं का आकलन किया गया और आपसी सहयोग के क्षेत्रों को चिन्हित किया गया। इस अवसर पर पंत विवि के कुलपति, कुलसचिव, अधिष्ठाताओं एवं निदेशकों के साथ साथ आनुवंशिकी एवं प्रजनन विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. एचएस चावला, कीट विज्ञान के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. एसएन तिवारी भी मौजूद थे।