वन दरोगा और वन रक्षकों में चले लाठी-डंडे
बुधवार को बाराकोली वन रेंज के वन कर्मी आपस मे ही भिड़ गए। यहां तैनात वन दरोगा और वन रक्षकाें के बीच जमकर लाठी डंडे चले। वन रक्षको ने चौकी पुलिस को तहरीर सौंप वन दरोगा के खिलाफ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
बाराकोली वन रेंज मे तैनात वन रक्षक त्रिलोक सिंह व उमेश सिंह ने चौकी पुलिस को दी तहरीर मे कहा कि 16 दिसंबर को वन दरोगा अपनी छुट्टी काटकर ड्यूटी पर आया। आरोप लगाया कि वन चौकी पहुंचते ही वन दरोगा गाली गलौच करते हुए आपा खो बैठे और लाठी उठाकर दोनो पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। जिससे उन्हें चोटें आई हैं। उन्होंने वन दरोगा पर आए दिन अपने मातहत कर्मियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है दोनाें ने वन दरोगा से जान माल के खतरे की आशंका व्यक्त की है। इस संबंध में वन दरोगा से उनका पक्ष जानने का प्रयास सफल नहीं हो सका। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात की है।