Udham Singh Nagar News: पिता के साथ जा रही विवाहिता ने गौला में लगाई छलांग...मौत, मायके पक्ष ने लगाया आरोप
किच्छा के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में पिता और भाई के साथ मायके जाने के लिए निकली नवविवाहिता गौला नदी में कूद गई। इसके बाद उसे निजी अस्पतालों के साथ जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
विस्तार
किच्छा के पुलभट्टा थाना क्षेत्र में पिता और भाई के साथ मायके जाने के लिए निकली नवविवाहिता गौला नदी में कूद गई। इसके बाद उसे निजी अस्पतालों के साथ जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है जबकि पति ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है।
जानकारी के अनुसार वार्ड नंबर 18 सिरौली कला निवासी नेहा बी (22) का निकाह छह अक्तूबर को मोहम्मद आसिफ निवासी ग्राम सतुईया पुलभट्टा के साथ हुआ था। मंगलवार की शाम नेहा ने पति आसिफ से मायके जाने की बात कही थी। इस पर आसिफ ने उसकी बात पिता से कराई थी। कुछ देर बाद नेहा का भाई आमिर उसे लेने आ गया था। इसी बीच पिता अकील अहमद भी बाइक लेकर उसे लेने पहुंच गया। तीनों लोग बाइक पर सिरौलीकला के लिए निकले थे। गौला नदी के पुल पर पहुंचते ही नेहा ने उल्टी करने की बात कहकर बाइक रुकवाई। फिर वह पुल के किनारे पहुंची और उसने नदी में छलांग लगा दी।
घटना से सकते में आए पिता और भाई ने पुलिस के साथ ही सूचना पति आसिफ को दी थी। आनन फानन में पहले निजी अस्पताल फिर रुद्रपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बुधवार को मोर्चरी पहुंचकर तहसीलदार दिनेश कुटोला ने पंचनामा भरने की कार्रवाई की। मृतका के चाचा मुबारक ने आरोप लगाया कि दामाद उसकी भतीजी को प्रताड़ित करने के साथ मारपीट भी करता था। सीओ बहादुर सिंह चौहान ने बताया कि मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
पिछले हफ्ते ही मायके से आई थी मृतका
मृतका के पति आसिफ ने बताया कि वह पुलभट्टा थाने के पीछे एक कोल्हू में काम करता है। उसका और पत्नी नेहा का कोई विवाद नहीं था। पिछले हफ्ते ही नेहा मायके में चार दिन रहकर आई थी। मंगलवार की दोपहर वह खाना खाने घर गया था तो वहां नेहा ने फिर से मायके जाने की बात कही थी। वजह पूछने पर नेहा ने कुछ नहीं बताया था। इस पर उसने अपने फोन से नेहा की बात उसके पिता से करा दी थी। इसके बाद वह पिता और भाई के साथ चली गई थी। कहा कि उनके बीच कोई विवाद नहीं था। उन पर लगाया जा रहा उत्पीड़न का आरोप गलत है।