रुद्रपुर। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से जल जीवन मिशन के तहत सभी डीएम, जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। डीएम रंजना राजगुरु ने अवगत कराया कि मिशन के तहत जिले में अभी तक 18,426 कनेक्शन किए जा चुके हैं। अधिकांश क्षेत्रों में पूर्व से कोई पाइप लाइन नहीं बिछाई गई है। इस वजह से कार्य में थोड़ा समय लग रहा है। जिले में अभी तक 107 डीपीआर तैयार करने के साथ ही 125 निविदा की जा चुकी हैं।
बृहस्पतिवार को सीएम ने जल संस्थान और जल निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पाइप लाइन बिछाते समय इस बार का विशेष ध्यान रखें कि खुले में पाइप न रखे जाएं। डीएम को निर्देश दिए कि कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जाए। वहां पर सीडीओ हिमांशु खुराना, परियोजना निदेशक डीआरडीएम हिमांशु जोशी, जल निगम के इंजीनियर एके कटारिया, पीएन चौधरी, बीके बंसल, जल संस्थान के इंजीनियर तरूण शर्मा, जेपी यादव, एई अशोक स्वरूप आदि थे।