उत्तराखंड: फर्जी बिल-वाउचर और छात्र नामांकन में गड़बड़ी पर प्रधानाध्यापक निलंबित, ये आरोप भी लगे
सितारगंज के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सितारगंज द्वितीय के प्रधानाध्यापक को वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी छात्र नामांकन, पीएम पोषण योजना में गड़बड़ी, आरटीई मानकों के विपरीत प्रवेश और लापरवाही के आरोपों में निलंबित किया गया।
विस्तार
सितारगंज के राजकीय प्राथमिक विद्यालय सितारगंज द्वितीय में वित्तीय अनियमितताओं, फर्जी छात्र नामांकन और पीएम पोषण योजना में गड़बड़ी के आरोप में प्रधानाध्यापक को निलंबित कर दिया गया है। आरटीई मानकों के विपरीत प्रवेश देने और विद्यालय की व्यवस्थाओं में लापरवाही बरतने के आरोप भी लगाए गए हैं।
जिला शिक्षा अधिकारी ने पांच नवंबर को विद्यालय का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान विद्यालय के अभिलेख अपूर्ण और अव्यवस्थित मिले। जांच में विद्यालय पंजिका में फर्जी बिल-वाउचर लगाए जाने और वित्तीय अनियमितताओं के मामले सामने आए। फर्नीचर और अन्य सामग्री का रखरखाव भी ठीक नहीं मिला। सामग्री का विवरण स्टॉक पंजिका में दर्ज नहीं था।
निरीक्षण में आरटीई मानकों के विपरीत प्रवेश देने, फर्जी छात्र नामांकन और आयु के अनुरूप कक्षा में प्रवेश (एज ग्रेड डिले) में अनियमितता भी पाई गई। विद्यालय प्रबंधन समिति के कामकाज में गड़बड़ी के साथ ही उपलब्ध संसाधनों के उचित उपयोग में लापरवाही सामने आई। मध्यान्ह भोजन कक्ष और शौचालयों की स्थिति भी दयनीय मिली।
प्रधानाध्यापक पर फर्जी नामांकन के आधार पर पीएम पोषण योजना में अनियमितता करने और छात्र-छात्राओं को गणवेश के लिए मिलने वाली धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित नहीं करने का आरोप है। निरीक्षण के बाद विभाग ने छह नवंबर को प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा था। उन्होंने 12 नवंबर को अपना जवाब दिया, लेकिन विभाग उससे संतुष्ट नहीं हुआ। इसके बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी ने निलंबन का आदेश जारी कर दिया। आदेश में आरोप सिद्ध होने पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की बात कही गई है।
विद्यालय में लापरवाही मिलने पर प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनका जवाब संतोषजनक नहीं पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की गई है। -हरेंद्र कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक शिक्षा)
