रुद्रपुर। तराई में शुक्रवार को होली खेली गई। शनिवार को बाजार तो खुले, लेकिन ग्राहकों के न पहुंचने के कारण दिनभर बाजार में सन्नाटा पसरा रहा। यही स्थिति सार्वजनिक परिवहन सेवाओं की रही। रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन और रेलवे स्टेेशन पर यात्रियों की संख्या कम होने के कारण सुनसनी छायी रही।
रोडवेज बसों में शनिवार को यात्रियों की संख्या नाममात्र की रही। सुबह के समय टनकपुर, खटीमा आदि स्थानीय रूटों की बसों की अधिकांश सीटें खाली नजर आई। दोपहर के बाद रुद्रपुर रोडवेज स्टेशन में सन्नाटा छा गया। यात्रियों की संख्या कम होने के कारण रुद्रपुर डिपो से बरेली के लिए सिर्फ सात बसें भेजी गईं। जबकि शाम तक दिल्ली के लिए भी करीब 10 बसों का संचालन हुआ। एआरएम राकेश कुमार ने बताया कि रोडवेज बसों में रविवार और सोमवार को अधिक यात्रियों के सफर करने की उम्मीद है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। इधर, रुद्रपुर रेलवे स्टेशन पर भी यात्री नजर नहीं आए। होली संपन्न होने के बाद सुबह के समय रुद्रपुर बाजार में करीब 70 प्रतिशत दुकानें खुलीं, लेकिन दोपहर तक भी ग्राहकों के पहुंचने के कारण कुछ व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं। मुख्य बाजार क्षेत्र समेत सब्जी मंडी, गोल मार्केट आदि सुनसानी रही, जबकि होटल खुले रहे। प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष संजय जुनेजा ने कहा कि रविवार से बाजार में चहल-पहल होने की संभावना है।