रुद्रपुर। डीएम रंजना राजगुरु की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के संबंध में सिडकुल एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक हुई। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में सभी संस्थान अपने स्तर से टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक करें।
डीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एसोसिएशन के साथ तालमेल बनाकर औद्योगिक क्षेत्र में ऐसे स्थान पर को चिह्नित करें, जहां पर अधिक से अधिक कंपनी कर्मियों को कोविड-19 टीका लगाया जा सके। औद्योगिक क्षेत्र में रैंडम सैंपिलिंग करें। उन्होंने औद्योगिक संस्थानों के पदाधिकारियों से कहा कि कर्मियों को मास्क, सैनिटाइजर, सामाजिक दूरी एवं गाइडलाइनों का सख्ती से पालन अवश्य कराएं।
उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए एवं उनकी सैंपलिंग कराते हुए जरूरी कार्यवाही करें। एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। वहां पर सीडीओ हिमांशु खुराना, एडीएम उत्तम सिंह चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट विशाल मिश्रा, सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल, आरएम सिडकुल पारितोष वर्मा, केजीसीसीआई के अध्यक्ष अशोक बंसल, सिडकुल एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज त्यागी, अजय तिवारी आदि थे।