काशीपुर: काम से लौट रहे पेंटर की बाइक सड़क पर पड़े बिजली के खंभे से टकराई, इलाज के दौरान मौत
काशीपुर में काम करके घर लौट रहे एक पेंटर की बाइक सड़क पर गिरे पड़े बिजली के पोल से टकरा गई। इस टक्कर में पेंटर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
काशीपुर से काम कर घर लौट रहे एक पेंटर की बाइक सड़क पर गिरे पड़े विद्युत पोल से टकरा गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
जनपद रामपुर थाना भगतपुर के ग्राम रामपुर बलभद्र निवासी दिनेश सिंह (30) पुत्र केवल सिंह पेंटर का कार्य करता था। बुधवार शाम करीब सात बजे वह काशीपुर से काम निपटाकर बाइक से गांव लौट रहा था। ग्राम गुलड़िया और शिवलालपुर अमरझंडा के बीच सड़क पर पड़े एक विद्युत पोल से उसकी बाइक टकरा गया। ग्रामीणों के मुताबिक, यह पोल बीती 16 अगस्त से वहां पड़ा हुआ था। वहां एक पेड़ भी टूटा हुआ है। बताया जा रहा है कि विद्युत पोल से टकराने के कारण दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया।
बृहस्पतिवार सुबह एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना के लिए ऊर्जा निगम के कर्मियों को जिम्मेदार ठहराया है। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि फिलहाल मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। मृतक अपने पीछे पत्नी राधा के अलावा दो बच्चों पुत्री कनिका व पुत्र दीपांशु को रोता-बिलखता छोड़ गया है। उधर, विभागीय जेई अजहर हुसैन का कहना है कि जानकारी करने पर पेंटर की बाइक पेड़ से टकराकर खंभे में लगने की बात सामने आई है। मामले में जांच की जा रही है। विभागीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
क्या है प्राविधान
विधि विशेषज्ञ नदीम उद्दीन एड का कहना है कि सड़क पर गिरे बिजली के पोल को 4 दिन तक न हटाना विद्युत विभाग की घोर लापरवाही है। बीएनएस की धारा 106(1) के अनुसार लापरवाही से किसी की मौत कारित करने पर पोच साल तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। वहीं, बीएनएस की धारा 3(5) के तहत संयुक्त दायित्व बनाकर संबंधित जेई, एसडीओ व लाइनमैन पर एफआईआर दर्ज कराई जा सकती है।
गुलड़िया रोड पर विद्युत पोल और पेड़ चार-पांच दिन से टूटा पड़ा था। इस संबंध में ग्रामीणों ने ऊर्जा निगम और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी लेकिन किसी भी विभाग ने समय रहते कार्रवाई नही की। - मुशाहिद हुसैन, गुलड़िया
गांव की ओर जाने वाली रोड पर कई दिनों से विद्युत पोल टूटा पड़ा था। यह क्षेत्र गुलड़िया के अधीन आता है। दुर्घटना होने के तुरंत बाद वहां से पोल हटा लिया गया है। - अंकुर यादव, प्रधान, शिवलालपुर अमरझंडा