स्टोन क्रशर स्वामी ने चलाईं ग्रामीणों पर गोलियां, बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रास्ते के विवाद को लेकर स्टोन क्रशर स्वामी और ग्रामीणों के बीच खूब बवाल हुआ। आरोप है कि स्टोन क्रेशर स्वामी ने समर्थकों के साथ ग्रामीणों पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से चार लोग गंभीर घायल हो गए। जबकि पथराव और भगदड़ में तीन लोग घायल हो गए। फायरिंग से भड़के लोगों ने स्टोन क्रशर में तोड़फोड़ और आगजनी कर दी। इस दौरान वैगनआर सहित चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। खबर मिलते ही पुलिस के अधिकारियों ने फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी में भर्ती कराया गया। तनाव को देखते हुए घटनास्थल पर पीएसी तैनात कर दी गई है। इधर, पुलिस ने फायरिंग के मामले में आरोपी स्टोन क्रशर स्वामी समेत दो को हिरासत में लिया है।
शुक्रवार को छोई मार्ग स्थित श्री गुरु स्टोन क्रशर का स्वामी रास्ते की ओर से बाउंड्री कर रहा था। इस दौरान कई ग्रामीण एकत्र होकर बाउंड्री को देखने लगे। इस दौरान कम चौड़ा रास्ता छोड़ने को लेकर विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच गाली गलौच और मारपीट हो गई। आरोप है कि स्टोन क्रशर स्वामी और उसके समर्थकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इससे भगदड़ हो गई। गोली लगने से मोहम्मद हुसैन, मोहम्मद लईक, मुबारक, नावेद हसन निवासी गांव जगन्नाथपुर गंभीर रुप से घायल हो गए। वहीं भगदड़ में इल्यास, सलीम, नूरहसन घायल हो गए। खबर मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ लग गई। घटना से भड़के ग्रामीणों ने स्टोर क्रशर में पथराव और आगजनी कर दी। इससे एक डंपर, दो बाइक, एक वैगनआर क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ लोगों ने स्टोन क्रशर के कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ कर पत्रावलियां समेत अन्य सामान इधर-उधर बिखेर दिए। आग पर बमुश्किल काबू पाया गया।
सूचना मिलते ही एसडीएम भगत सिंह फोनिया, सीओ राजीव मोहन, तहसीलदार सुदेश चंद, केलाखेड़ा थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार, एसएसआई हिमांशु पंत, चौकी इंचार्ज अजेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर 24 घंटेे के भीतर कानूनी कार्रवाई करने का भरोसा दिया। घटना को लेकर दर्जा राज्यमंत्री जितेंद्र शर्मा, भाजपा नेता राजेश कुमार, कामरान खान, प्रधान विकास शर्मा सहित अन्य लोगों ने पहुंचकर सीओ से वार्ता की। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है।