{"_id":"5a4545a74f1c1b8d698c4586","slug":"13-million-rupees-stolen-from-scorpio","type":"story","status":"publish","title_hn":"स्कार्पियो से टप्पेबाजों ने उड़ाए 13 लाख रुपये","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
स्कार्पियो से टप्पेबाजों ने उड़ाए 13 लाख रुपये
अमर उजाला ब्यूरो काशीपुर।
Updated Fri, 29 Dec 2017 12:57 AM IST
विज्ञापन
काशीपुर में सीसीटीवी फुटेज में संदिग्धों की पहचान करती पुलिस।
- फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एक स्टोन क्रशर के प्रबंधक की स्कार्पियो से टप्पेबाजों ने 13 लाख की नकदी से भरा थैला उड़ा लिया। दिनदहाड़े हुई वारदात से पुलिस में खलबली मच गई। सूचना पर एएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने कई स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज चेक किए। इनसे पता चला कि दो अपाची बाइकों पर सवार चार युवकों और उनके साथ आए एक बालक ने वारदात को अंजाम दिया।
विज्ञापन
बाजपुर में छोई मार्ग पर राजेश सिंघल का राजलक्ष्मी स्टोन क्रशर है। इस क्रशर से काशीपुर के कुछ भवन निर्माण ठेकेदारों के पास भी माल आता है। मंगलवार को स्टोन क्रशर कर्मचारी नितिन ने ठेकेदारों से 13 लाख की रकम वसूली थी। क्रशर प्रबंधक रामराज रोड निवासी बजरंग गर्ग के कहने पर उसने यह रकम स्टेशन रोड स्थित एक लोहा व्यापारी के पास जमा करा दी थी। साप्ताहिक अवकाश होने के कारण वह बुधवार को रकम लेने नहीं आ सके।
विज्ञापन
बृहस्पतिवार को बजरंग गर्ग क्रशर के चालक कपिल को साथ लेकर स्कार्पियों (यूके 18/0949) से दोपहर पौने एक बजे लोहा व्यापारी के पास पहुंचे। व्यापारी ने उन्हें 13 लाख की रकम दे दी, जिसमें से छह लाख रुपये सौ-सौ के नोटो में थे। बजरंग गर्ग रकम थैले में रखकर स्कार्पियो कार से रवाना हो गए। बाजपुर रोड पर महादेव नहर के पास पहुंचने पर हेलमेट पहने अपाची सवार दो युवकों ने हाथ के इशारे से गाड़ी रोककर उन्हें टायर पंक्चर होने की जानकारी दी।
विज्ञापन
इसके बाद दोनों युवक आगे निकल गए। बजरंग व उनके चालक ने नीचे उतरकर टायर चेक किए तो पिछले टायर में पंक्चर था। वह पंक्चर लगवाने की बात करने के लिए पास स्थित एक मैकेनिक के पास पहुंचे तो उसने हवा मशीन न होने की बात कहते हुए पंक्चर लगाने में असमर्थता जताई। इसके बाद दोनों गाड़ी पर पहुंचे तो पिछली सीट पर रखा नगदी से भरा थैला गायब था। जानकारी करने पर पता लगा कि गाड़ी के पास दस साल के एक बच्चे के हाथ में थैला देखा गया है।
क्रशर प्रबंधक ने मामले की सूचना आईटीआई थाना प्रभारी जसवीर सिंह को दी। सूचना पर एएसपी डॉ. जगदीश चंद्र, कोतवाल चंचल शर्मा, आईटीआई थाना प्रभारी जसवीर सिंह चौहान ने स्टेशन रोड पर कई सीसीटीवी कैमरे चेक किए। फुटेज में एक बजकर आठ मिनट पर दो अपाची बाइकों पर सवार चार युवक दिखाई दिए। इनमें से दो के चेहरे साफ दिखाई दे रहे हैं, जबकि दो युवक हेलमेट पहने हैं। हेलमेट पहने इन युवकों ने ही गाड़ी में पंक्चर होने की बात बताई थी। इसके अलावा पुलिस ने बाजपुर रोड पर भी फुटेज चेक किए। कई स्थानों पर हेलमेट पहने अपाची बाइक सवार स्कार्पियों का पीछा करते पाए गए। इस मामले में स्टोन क्रशर प्रबंधक की ओर से पुलिस को तहरीर सौंपी गई है।