{"_id":"5942d5524f1c1beb2f8b46f7","slug":"cm-to-pay-dues-of-44-million-to-farmers","type":"story","status":"publish","title_hn":"किसानों के बकाया भुगतान को चीनी मिलों को देंगे 44 करोड़ : सीएम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
किसानों के बकाया भुगतान को चीनी मिलों को देंगे 44 करोड़ : सीएम
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, ऊध्ामसिंह नगर
Updated Fri, 16 Jun 2017 12:13 AM IST
विज्ञापन
CM addressing the meeting.
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने गन्ना किसानों के बकाया भुगतान के लिए राज्य की चीनी मिलों को इसी माह 44 करोड़ रुपये के भुगतान की घोषणा कर दी है। साथ ही किच्छा में डिग्री कालेज की स्थापना और रुद्रपुर के शिवनगर-ट्रांजिट कैंप की सड़क के चौड़ीकरण के आदेश दे दिए हैं। बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री यहां जेसीज स्कूल के आडिटोरियम में भाजपा कार्यकर्ताओं की जिला स्तरीय बैठक को संबोधित कर रहे थे।
विज्ञापन
सीएम ने कहा सरकार को तीन माह हो गए हैं। सरकार पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा पिछली कांग्रेस सरकार में कोरी घोषणाएं हुई हैं, लेकिन भाजपा सरकार जो भी घोषणा करेगी उसे सिर्फ घोषणा तक ही सीमित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी सबसे बड़ी समस्या राज्य के गन्ना किसानों की है, जिनका अभी तक बकाया भुगतान नहीं हो पाया है। इसलिए सबसे पहले गन्ना किसानों को उनके बकाया भुगतान कराना सरकार की प्राथमिकता है और सरकार इसी माह राज्य की चीनी मिलों को 44 करोड़ रुपये का भुगतान कर देगी, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का फल मिल जाए और किसानों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ रहे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने कहा राज्य सरकार उत्तराखंड के दो मेडिकल कालेजों को भी सेना की देखरेख में देने जा रही है, जिसमें कि गढ़वाल के श्रीनगर मेडिकल कालेज में सेना की एक टीम आज से ही वहां निरीक्षण कर रही है और कुमाऊं का अल्मोड़ा मेडिकल कालेज भी जल्द ही सेना की देखरेख में संचालित होने लगेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में डाक्टरों के सभी रिक्त पदों पर तीन माह में नियुक्तियां कर दी जाएंगी।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री ने चार धाम यात्रा के सफल होने का भी दावा किया। उन्होंने कहा कि इस बार यात्रा में भारी संख्या में यात्री पहुंचे हैं और अभी भी यात्रा अपने पूरे चरम पर है। यात्रियों को यात्रा के दौरान संकट में उन्हें हवाई सेवा भी सरकार उपलब्ध करा रही है। पूर्व सांसद बजराज पासी ने सरकार के तीन माह के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाईं। रुद्रपुर विधायक राकुमार ठुकराल ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने विधानसभा क्षेत्र की तमाम समस्याएं रखीं।
वहीं किच्छा विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस सरकार में उनके क्षेत्र की उपेक्षा हुई है। तत्कालीन मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किच्छा के लिए 19 घोषणाएं की थीं, जिनमें एक भी पूरी नहीं हो पाई। किच्छा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से डाक्टरों और सर्जन की कमी थी जिसे सरकार ने त्वरित गति से किच्छा अस्पताल को एक सर्जन सहित तीन डाक्टर दिए हैं।
कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष शिव अरोरा, काशीपुर के जिलाध्यक्ष राम मेहरोत्रा, विनय रूहेला, यूपी के विधयक कमलेश शुक्ला, मेयर सोनी कोली, पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेश परिहार, महानगर अध्यक्ष हरीश सुखीजा, भारत भूषण चुघ, विजय फुटेला, सुरेश कोली, उत्तम दत्ता, बल्देव छावड़ा, कमलेंद्र सेमवाल, घनश्याम श्यामपुरिया आदि ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिलामहामंत्री गोपाल बोरा और तरुण दत्ता ने किया।
विधायक की मांगों को सीएम को सुनने नहीं दिया
रुद्रपुर में भाजपा के भीतर गुटबाजी और एक दूसरे की टांग खिंचाई का मामला यूं तो चुनाव से पहले से ही चल रहा है लेकिन बृहस्पतिवार को रुद्रपुर में जिला स्तरीय बैठक में जब रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल ने मंच से मांग पत्र पढ़कर सुनाया तो ठुकराल विरोधी लोग मंच पर सीएम से वार्ता को पहुंच गए। विधायक मुख्यमंत्री जी, मुख्यमंत्री जी मेरी बात को सुनो कहते रहे, लेकिन ठुकराल विरोधी लगातार सीएम को अपनी बातों में उलझाए रहे। इस पर लोगों ने चुटकी भी ली।
मंच पर रही अव्यवस्था
जब सीएम मंच पर पहुचे तो आधे घंटे तक अव्यवस्था का आलम रहा। स्वागत करने के नाम पर सीएम को चेहरा दिखाने की होड़ में मंच पर धक्कामुक्की भी होती रही। पार्टी के कई प्रदेश स्तरीय नेता मंच से नीचे बैठे रहे, जबकि बिना पद वाले कई कार्यकर्ता मंच पर कब्जा जमाए रहे। संचालन कर रहे जिला महामंत्री गोपाल बोरा और तरुण दत्ता लगातार कार्यकर्ताओं से अनुरोध करते रहे कि व्यवस्था को बनाए रखें लेकिन किसी ने नहीं सुनी। बाद में जिला महामंत्री गोपाल बोरा और भारत भूषण चुघ ने मोर्चा संभाला।
आडिटोरियम में हाल में खाली रहीं कुर्सियां
भाजपा के जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री तो पहुंचे, लेकिन उम्मीद के मुताबिक कार्यकर्ता नहीं पहुंचे। आडिटोरियम में आधे से अधिक कुर्सियां खाली थीं। यहां एक हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई थी, लेकिन पांच सौ भी नहीं पहुंचे।
दोनों विधायक सीएम के साथ आए और साथ ही लौटे
मुख्यमंत्री के रुद्रपुर में पहली बार आगमन पर उनके साथ देहरादून से ही हेलीकाप्टर में रुद्रपुर विधायक राजकुमार ठुकराल और किच्छा विधायक राजेश शुक्ला आए और कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री दोनों विधायकों को अपने साथ देहरादून ले गए। हालांकि सीएम ने हेलीपैड पर बताया कि चूंकि विधानसभा का बजट सत्र चल रहा है, इस कारण दोनों विधायकों को साथ ले जा रहे हैं। उधर विधायक ठुकराल और शुक्ला का कहना था कि सीएम के साथ आने और जाने के दौरान उन्होंने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र की तमाम समस्याएं खुलकर रखी हैं जिन पर सीएम ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है।