UK: विदेशी बाजारों में बढ़ी रुद्रपुर की हिस्सेदारी, सिडकुल की 15 कंपनियों ने दूसरे देशों में भी जमाए पैर
रुद्रपुर सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों ने विदेशों में भी अपनी पहचान बनाई है। यहां की 15 कंपनियों का उत्पाद अब अमेरिका, यूरोप, मध्य-पूर्व और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में निर्यात किया जा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रुद्रपुर सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र की कंपनियों ने विदेशों में भी अपनी पहचान बनाई है। यहां की 15 कंपनियों का उत्पाद अब अमेरिका, यूरोप, मध्य-पूर्व और दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों में निर्यात किया जा रहा है। इससे न केवल जिले का राजस्व बढ़ा है बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं।
सिडकुल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन के अनुसार निर्यात में सबसे बड़ा योगदान ऑटो पार्ट्स, फार्मा, एफएमसीजी और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर की कंपनियों का है। ऑटो कंपनियां कार और बाइक के कलपुर्जे जर्मनी, जापान और अमेरिका भेज रही हैं। वहीं फार्मा यूनिटें जेनेरिक दवाएं और हेल्थ सप्लीमेंट खाड़ी देशों और अफ्रीका को निर्यात कर रही हैं। सिडकुल में स्थित एफएमसीजी कंपनियों के ब्यूटी प्रोडक्ट, डिटर्जेंट और पर्सनल केयर का सामान मध्य-पूर्व के बाजारों में खूब पसंद किया जा रहा है। इसी तरह फूड प्रोसेसिंग यूनिटों की ओर से तैयार पैक्ड फूड, मसाले और प्रोसेस्ड फ्रूट यूके, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया में भारतीय समुदाय के बीच हिट हो रहे हैं।
निर्यात प्रोत्साहन नीतियों से निर्यात हुआ आसान
उद्योगपतियों का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीतियों, पीएलआई योजना और बेहतर लॉजिस्टिक सुविधाओं के कारण निर्यात आसान हुआ है। पंतनगर एयरपोर्ट और काठगोदाम से रेल कनेक्टिविटी बेहतर होने से समय पर शिपमेंट संभव हो पा रहा है।
रोजगार और राजस्व को मिलेगा बढ़ावा
एसोसिएशन पदाधिकारियों का मानना है कि निर्यात बढ़ने से सिडकुल में नई भर्तियां भी हुई हैं। कई कंपनियों ने अतिरिक्त शिफ्ट शुरू की हैं। इससे करीब 1200 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है।
उद्योग जगत को उम्मीद है कि अगले वित्तीय वर्ष में रुद्रपुर सिडकुल से होने वाला निर्यात 20 से 25 प्रतिशत तक और बढ़ेगा, जिससे उत्तराखंड औद्योगिक मानचित्र पर अपनी मजबूत स्थिति और पुख्ता करेगा।
-गजेंद्र सिंह, अध्यक्ष सिडकुल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन
राज्य सरकार की निर्यात प्रोत्साहन नीतियों, पीएलआई जैसी कई योजनाओं का लाभ कंपनियों को मिला है। यही कारण है कि यहां का माल विदेशों तक आसानी से पहुंच रहा है।
-श्रीकर सिन्हा, पूर्व अध्यक्ष, सिडकुल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन