जिला समाज कल्याण विभाग की ओर से पीआइसी बौराड़ी में आयोजित तीन दिवसीय दिव्यांग शिविर में 450 से अधिक दिव्यांगों के प्रमाणपत्र बनाए गए। साथ ही दिव्यांगजनों को व्हील चेयर, छड़ी और कान की मशीन आदि वितरित की गई।
शिविर के तीसरे दिन जाखणीधार, प्रतापनगर और भिलंगना के दिव्यांगजन शामिल हुए। जाखणीधार की ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी ने राड्स संस्था के माध्यम से दिव्यांगजनों को बैशाखी, कान की मशीन, व्हील चेयर, छड़ी वितरित की। राड्स संस्था के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा ने बताया कि शिविर में 150 से अधिक दिव्यांगों को सामग्री वितरित की गई है, जबकि 12 लोगों को कृत्रिम अंग के लिए पंजीकरण करवाया। जिला समाज कल्याण अधिकारी किशन सिंह चौहान ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर में करीब 450 मानसिक और 600 अन्य दिव्यांगों के प्रमाणपत्र बनाए गए हैं। प्रमाणपत्र बनने से अब दिव्यांग पेंशन से लेकर अन्य योजनाओं का लाभ उठा सकेंगे। इस मौके पर विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अशोक कुमार, प्रतापनगर के ब्लॉक प्रमुख प्रदीप रमोला, जिला पंचायत सदस्य बलवंत रावत, बीसूका के उपाध्यक्ष दिनेश डोभाल, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट, राम लाल नौटियाल, राजेश चौहान, कुंभीबाला भट्ट, रैफल संस्था की लता चमोली, गंगा देवी आदि मौजूद थे।