भिलंगना ब्लाक में बूढ़ाकेदार-कोट मोटर मार्ग की मरम्मत कराने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने कोट में सांकेतिक चक्का जाम कर धरना दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से खस्ताहाल मार्ग पर लोगों को जोखिमभरा सफर करना पड़ रहा है। एक सप्ताह पहले ही रोड खराब होने के कारण बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें तीन लोगों की जान गई। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आठ मार्च तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो पीएमजीएसवाई कार्यालय पर तालाबंदी की जाएगी।
बूढ़ाकेदार-कोट पांच किमी मोटर मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल है। मार्ग पर जोखिमभरा सफर कर रहे ग्रामीण पीएमजीएसवाई से सड़क मरम्मत कराने की मांग कर रहे हैं, लेकिन विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है। रोड खराब होने के कारण ही एक सप्ताह पहले बाइक दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई थी। गुस्साए ग्रामीणों ने कोट गांव के पास दुर्घटनास्थल पर सांकेतिक चक्का जाम कर धरना दिया और पीएमजीएसवाई के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आठ मार्च तक मरम्मत कार्य नहीं किया गया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। धरना देने वालों में प्रधान मीना देवी, जितेंद्र गुसाईं, सविता देवी, सनोप सिंह राणा, जयवीर सिंह, अव्वल सनवाण, कविता, सुंदर लाल, राजेंद्र सिंह, अनिल भट्ट, सुंदरलाल, विजय, सरिता गुसाईं और दिनेश सिंह आदि शामिल थे।