टिहरी जिले के युवाओं को स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन, कौशल विकास के गुर सिखलाने के लिए विकास विभाग ने टिहरी यूथ क्लब पोर्टल तैयार किया है। पोर्टल पर पंजीकरण कर युवा रोजगार करने की जानकारी, तकनीकी सपोर्ट, बैंक ऋण जैसी सुविधाओं की जानकारी घर बैठे ही ले सकते हैं। जिले के प्रत्येक ब्लॉक में दुग्ध उत्पादन, फूड प्रोसेसिंग, संगध और औषधीय पौधे, बैंबो उत्पादन के लिए क्लस्टरवार योजना तैयार की जा रही है। ताकि महिलाओं और युवाओं को अपने गांव के आसपास ही स्वरोजगार के अवसर मिल सके।
यहां आयोजित पत्रकार वार्ता में सीडीओ नामामी बंसल ने यह जानकारी दी। बताया जिले के युवा स्वरोजगार के किन-किन क्षेत्रों में कार्य करना चाहते हैं इसके लिए टिहरी यूथ क्लब पोर्टल तैयार किया गया है। पोर्टल पर जिलेभर के स्वैच्छिक स्वयंसेवी युवाओं को जोड़ा जाएगा। यह डाटा सरकार की कई अन्य योजनाओं के काम भी आएगा। बताया 11 सितंबर को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पोर्टल का शुभारंभ किया है। पंजीकरण के बाद पोर्टल के माध्मय से युवाओं को कौशल विकास, स्वरोजगार के टिप्स दिए जाएंगे। इसके लिए कम्युनिटी रेडियो की भी मदद ली जाएगी। दूरस्थ गांवों में उत्पादित होने वाले फल, सब्जी, दूध को कैसे बाजार उपलब्ध हो इस दिशा में कृषि, उद्यान और पशुपालन विभाग के माध्यम से कार्य योजना तैयार की जा रही है।