कैंपटी थाना पुलिस ने पोकलैंड मशीन के पार्ट्स चोरी के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है, जबकि चोरी में शामिल अन्य दो आरोपी अभी पकड़ से बाहर हैं। एसएसपी ने बताया कि करीब सात लाख 20 हजार की लागत की मशीन के पार्ट्स के साथ एक आरोपी को कार सहित पकड़ा है। चोरी में शामिल अन्य दो लोगों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
बृहस्पतिवार को एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने पत्रकार वार्ता में बताया कि कैंपटी थाना क्षेत्र में विकासनगर-डामटा-बड़कोट मोटर मार्ग पर खड़ी पोकलैंड मशीन की देखरेख करने वाले अर्जुन सिंह रावत ने कैंपटी पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 14 फरवरी की रात को नैनगांव में खड़ी पोकलैंड मशीन के पार्ट्स चोरी हो गए हैं। जांच पड़ताल में आरोपी जितेंद्र (32) पुत्र हुकम सिंह निवासी निवासी ग्राम फालेन थाना कोसीकला जिला मथुरा यूपी को चोरी की घटना में प्रयुक्त वाहन और मशीन पार्ट्स के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी ने बताया कि चोरी की घटना को उसके साथ देव सिंह पुत्र रमेश चंद्र चौहान निवासी गांधीनगर मुजफ्फरनगर यूपी और मुख्य मास्टर माइंड पोकलैंड मशीन आपरेटर सुनील तोमर निवासी ग्राम फालेन थाना कोसीकला जिला मथुरा यूपी हाल निवासी गांधीनगर मुजफ्फरनगर भी शामिल हैं। एसएसपी ने कहा कि अन्य दो लोगों को भी शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।