आदर्श राशनिंग डीलर्स वेलफेयर सोसाइटी ने मांगों को लेकर कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सरकार सस्ता गल्ला विक्रेताओं की समस्याओं का समाधान नहीं कर रही है, जिससे उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मांगें नहीं मानी जातीं तब तक डीलर राशन नहीं उठाएंगे।
मंगलवार को जिलेभर के सस्ता गल्ला राशन विक्रेता कलक्ट्रेट पहुंचे और यहां प्रदर्शन किया। इसके बाद उन्होंने डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने ज्ञापन में बताया कि वर्ष 2011 में सभी गल्ला विक्रेताओं को मानदेय देने की घोषणा की गई थी, लेकिन अभी तक उस पर कोई अमल नहीं हो पाया है। उन्होंने घोषणा के अनुरूप मानदेय देने, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना व पिछले दो सालों के भाड़े का भुगतान देने और कोविड-19 में जिस गल्ला विक्रेता की मौत हुई है उसके आश्रित को 10 लाख रुपये की मदद देने की मांग की। उन्होंने कहा कि गल्ला विक्रेताओं को ढुलान भाड़ा नहीं मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन कर ज्ञापन देने वालों में महीपाल रावत, सतीश जोशी, रघुवीर सिंह भंडारी, घनश्याम कोठियाल, शकुंतला देवी, निर्मला देवी, कृष्णदत्त उनियाल, जयेंद्र बिष्ट, लक्ष्मी प्रसाद, चंदन सिंह बगियाल, अनिल बेलवाल,उत्तम सिंह, जबर सिंह बिष्ट, लक्ष्मी नारायण बिजल्वाण और होशियार सिंह आदि शामिल थे।