सुजड गांव के समीप लंबगांव-प्रतापनगर मोटर मार्ग पर भवन निर्माण का मलबा डंप करने पर लोग भड़क उठे। विरोध में ग्रामीणों ने रात में ही धरना दिया। उन्होंने 24 घंटे में मलबा न हटाने पर जाम लगाने की चेतावनी दी है।
लोगों का कहना है कि कुछ लोग निर्माणाधीन भवनों का मलबा रात के समय गांव के समीप सड़क पर डंप कर रहे हैं। इससे रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया है। बरसात के मौसम में यह मलबा गांव के लिए खतरा बन सकता है। एक सप्ताह पूर्व उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर मलबा डंप करने वालों को चिह्नित करने की मांग की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। नाराज ग्रामीणों ने मलबा हटाने की मांग को लेकर सांकेतिक धरना दिया। धरने में प्रधान सोनी देवी, महिला मंगल दल अध्यक्ष रीना देवी, लोकेंद्र जोशी, धर्मानंद जोशी, सुखदेव जोशी, दिनेश जोशी, अरविंद रांगड, भागेश सिंह आदि शामिल रहे।