Trackers Missing: रुद्रप्रयाग के पांडव सेरा ट्रैक से चार ट्रैकर्स व तीन पोर्टर लापता, रेस्क्यू टीम का लोगों से हुआ संपर्क
रुद्रप्रयाग जिले के पांडव सेरा ट्रैक पर चार ट्रैकर्स व उनके साथ ही तीन पोर्टर(कुली) के लापता हो गए। लापता लोगों के रेस्क्यू को एसडीआरएफ की हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू टीम भेजी गई है। रेस्क्यू दल ने ट्रैक के ऊपर चॉपर से लापता ट्रैकर व पोर्टर की खोजबीन करते हुए सैटेलाइट फोन के जरिए उनके मोबाइल पर संपर्क किया। लेकिन खराब मौसम के कारण वहां लैंड नहीं कर पाए।
विस्तार
उत्तराखंड में द्वितीय केदार मद्महेश्वर से पांडव सेरा ट्रैक पर गए चार ट्रैकर फंस गए हैं। ट्रैकर के साथ रांसी गांव के तीन पोर्टर (कुली) भी हैं। एसडीआरएफ की टीम का ट्रैकर से संपर्क हो गया है। लेकिन खराब मौसम के कारण ट्रैकर तक टीम नहीं पहुंच सकी है। रविवार को रेस्क्यू दल के ट्रैकर के साथ मद्महेश्वर लौटने की संभावना है।
शनिवार दोपहर तीन बजे राज्य आपदा बचाव बल (एसडीआरएफ) जिला नियंत्रण रुद्रप्रयाग कक्ष को सूचना मिली कि पांडव सेरा ट्रैक पर चार ट्रैकर्स तीन पोर्टरों के साथ ट्रैकिंग के दौरान रास्ते से भटक गए हैं। बताया गया कि इन ट्रैकर्स की लोकेशन का पता नहीं चल पा रहा और इनके पास खाने-पीने की भी कोई सुविधा नहीं है।
इस पर एसडीआरएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) रिद्विम अग्रवाल ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रैकर के रेस्क्यू के लिए नागरिक उड्डयन विभाग से चॉपर उपलब्ध कराने को कहा। एसडीआरएफ के सेनानायक मणिकांत मिश्रा के दिशा-निर्देशन में शाम चार बजे हाई एल्टीट्यूड रेस्क्यू दल जरूरी उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुआ। शाम पांच बजे चॉपर अगस्त्यमुनि पहुंचा और यहां से पांडव सेरा ट्रैक के लिए रवाना हुआ।
रेस्क्यू दल ने पांडव सेरा ट्रैक के ऊपर लापता ट्रैकर व पोर्टर की खोजबीन करते हुए सैटेलाइट फोन के जरिए उनके मोबाइल पर संपर्क किया। लेकिन खराब मौसम के कारण चॉपर वहां लैंड नहीं कर पाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि चार ट्रैकर हैं, जो मीडिया से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। उनके साथ रांसी गांव के तीन पोर्टर हैं, सभी सुरक्षित हैं। चॉपर के माध्यम से रेस्क्यू दल ने लापता लोगों के बारे में जानकारी जुटा ली है। रविवार को रांसी से भी कुछ लोग जा रहे हैं। साथ ही चॉपर के जरिए इन ट्रैकर तक भोजन पहुंचाया जाएगा। मौसम सामान्य रहा था तो रविवार तक इन्हें मद्महेश्वर लाया जा सकता है।
इधर, पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल ने बताया मद्महेश्वर से पांडवसेरा तीन दिन का ट्रैक है, जिस पर सात ट्रैकरों फंसे होने की सूचना है। वहां बर्फबारी व मौसम खराब होने की वजह से ट्रैकर, ट्रैकिंग नहीं कर पाए। एसडीआरएफ की टीम सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन के तहत पांडवसेरा ट्रैक पर खोजबीन कर ट्रैकर से संपर्क कर लिया है। बताया कि ये 21-22 मई को मद्महेश्वर पहुंचे थे।