जनपद के नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने कार्यभार संभाल लिया है। उन्होंने आगामी केदारनाथ यात्रा में बेहतर यात्रा व्यवस्था को अपनी प्राथमिकता बताया। उन्होंने जिला मुख्यालय समेत यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ नशा व अवैध शराब के प्रति आमजन को जागरूक करने की बात भी कही।
हरिद्वार देहात से स्थानांतरण होकर रुद्रप्रयाग में तैनात हुए एसपी भुल्लर ने कहा कि जून 2013 की आपदा के बाद चले रेस्क्यू अभियान में वह कई बार यहां आए थे। ऐसे में उन्हें इस क्षेत्र का थोड़ा बहुत अनुभव है, जो उन्हें व्यवस्थाओं को बेहतर करने में मददगार होगा। उन्होंने कहा कि केदारनाथ यात्रा में यातायात, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर बेहतर प्रयास किए जाएंगे। यात्राकाल में रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर पैदल मार्ग और केदारनाथ मंदिर परिसर में पुलिस की तैनाती को लेकर पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। एसपी ने कहा कि जनता के साथ बेहतर समन्वय को लेकर समय-समय पर स्कूलों व निकाय क्षेत्रों में संगोष्ठियां की जाएगी। साथ ही अपराध कम से कम हो, इसके लिए भी जन जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।