व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार को सूचना पर पहुंची अगस्त्यमुनि थाना पुलिस ने मंदाकिनी नदी किनारे पत्थरों के बीच से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इधर, मामले में हत्या की आशंका जताई जा रही है। दूसरी तरफ घटना पर दुख जताते हुए उद्योग मंडल व्यापार संघ ने बाजार बंद रखा।
शुक्रवार को प्रात: 8.30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिला मुख्यालय से करीब डेढ़ किमी दूर मंदाकिनी नदी किनारे कोई व्यक्ति गिरा है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नदी किनारे पत्थरों के बीच से शव बरामद किया। शव की शिनाख्त शिवराज सिंह जगवाण (38) पुत्र स्व. मंगसीर सिंह जगवाण निवासी ग्राम भैंसगांव (सांदर), हाल निवासी बेलणी के रूप में हुई है। जगवाण का बेलणी में जनरल स्टोर था। वह 11 नवंबर को रात 8 बजे अपने घर बेलणी में देखा गया था।
बताया जा रहा है कि मृतक व्यापारी के चेहरे पर चोट के गहरे जख्म थे। इधर, घटना की जानकारी पर परिजनों के साथ व्यापारी संगम बाजार पहुंचे। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से मामले की त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को सजा देने की मांग की। घटना के विरोध में ढाई घंटे तक राजमार्ग पर जाम भी लगाया गया।
मौके पर पहुंचे सीओ मिथलेश कुमार व अगस्त्यमुनि के थाना प्रभारी सीएस चौहान के समझाने पर व्यापारी शांत हुए। थाना प्रभारी चौहान ने बताया कि इस मामले में ग्राम पंचायत सांदर के ग्राम प्रधान केदार सिंह ने परिजनों की ओर से तहरीर दी है, जिसमें उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।
इधर, पुलिस अधीक्षक पीएन मीणा का कहना है कि मृतक की पत्नी का कहना था कि घटना से पहले उसका पति कुछ नेपाली मजदूरों के साथ था। ऐसे में उनके द्वारा हत्या की जा सकती है। एसपी का कहना है कि मृतक के चेहरे पर चोट जरूर है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर स्थिति साफ होने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
दूसरी तरफ व्यापार मंडल ने युवा व्यापारी की मौत पर दुख प्रकट करते हुए दो मिनट का मौन रखा और शोक संतृप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके उपरांत बाजार बंद रखा गया।