शहीद चंद्रशेखर आजाद यूथ ब्रिगेड ने लोकतांत्रिक जन मोर्चा की ओर से 29 अगस्त को शहीद चंद्रशेखर चौक पर मुआवजा प्रकरण को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को समर्थन देने की घोषणा की है।
बृहस्पतिवार को बीटीगंज स्थित यूथ ब्रिगेड के कार्यालय पर आयोजित बैठक में पदाधिकारियों ने लोकतांत्रिक जन मोर्चा के संयोजक सुभाष सैनी और लोजमो युवा विंग के अध्यक्ष रविंद्र राणा को समर्थन पत्र सौंपा। यूथ ब्रिगेड के अध्यक्ष एवं पार्षद शक्ति राणा, बिट्टू शर्मा, तनुज राठी, अजीत मधुकर जाटव और पंकज त्यागी ने कहा कि शेरपुर दोहरे हत्याकांड, हाल्लू माजरा के प्रधान हत्याकांड में मृतक आश्रितों के लिए सरकार की ओर से जो ढाई-ढाई लाख और तीन लाख के मुआवजे की घोषणा की गई थी, उसे चार वर्ष बीत गए हैं, लेकिन मुआवजा नहीं मिला। इस प्रकरण को लेकर मोर्चा की ओर से आयोजित विरोध प्रदर्शन में यूथ ब्रिगेड बढ़-चढ़कर भाग लेगी और सरकार को सचेत किया जाएगा। मोर्चा संयोजक सुभाष सैनी ने शहीद चंद्रशेखर आजाद यूथ ब्रिगेड के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीड़ितों के न्याय के लिए लड़ी जा रही लड़ाई में निश्चित रूप से यूथ ब्रिगेड एक बड़ी ताकत का काम करेगी।