{"_id":"57f00b9e4f1c1b565f573cd3","slug":"was-the-first-statue-of-mahatma-gandhi-in-haridwar","type":"story","status":"publish","title_hn":"हरिद्वार में लगी महात्मा गांधी की पहली प्रतिमा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हरिद्वार में लगी महात्मा गांधी की पहली प्रतिमा
ब्यूूराो/ अमर उजाला, हरिद्वार
Updated Sun, 02 Oct 2016 12:56 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार। धर्मनगरी में महात्मा गांधी दो बार आए थे। लंबे समय से हरिद्वार में महात्मा गांधी की कोई प्रतिमा नहीं थी। यह कमी अब पूरी होने जा रही है। महात्मा गांधी के नाम से एक समूचा पार्क विकसित किया गया है। रविवार को गांधी प्रतिमा का अनावरण भेल के कार्यपालक निदेशक प्रकाश चंद करेंगे।
विज्ञापन
अपने आरंभिक दौर में महात्मा गांधी हरिद्वार के कुंभ और स्वामी श्रद्धानंद के गुरुकुल से प्रभावित होकर दो बार हरिद्वार आए थे। वे न केवल नीलधारा के उस पार स्थित श्रद्धानंद के गुरुकुल में गए थे, अपितु श्रद्धानंद ने ही उन्हें पहली बार महात्मा की उपाधि प्रदान की। बाद में विश्व कवि रविंद्रनाथ टैगोर ने भी बापू को महात्मा की उपाधि प्रदान की। महात्मा गांधी ने मेलों के नगर हरिद्वार को बारीकी से समझा। उन्होंने जानना चाहा कि ऐसा क्या है जो बिना किसी बुलावे के लाखों लोग गंगा तट पर एकत्रित हो जाते हैं। महात्मा के अचेतन मन में कहीं बसा हुआ था कि इसी तरह स्वाधीनता के लिए देश वासियों को एकजुट किया जा सकता है। महात्मा गांधी ने हरिद्वार के अखाड़ों की परंपरा का भी अवलोकन किया था।
विज्ञापन
यह संयोग ही है कि हरिद्वार में जहां अन्य नेताओं और क्रांतिकारियों की प्रतिमा है वहीं महात्मा के नाम से कोई प्रतिमा अभी तक नहीं थी। यद्यपि हरिद्वार में एक गांधी वाटिका विद्यमान थी। इस वाटिका में महात्मा की एक छोटी सी प्रतिमा लगायी गई थी। यह वाटिका कुछ ही समय में काल कवलित हो गई। आज उस स्थान पर भवन बने हुए हैं। लम्बे अरसे से मांग की जा रही थी कि बापू की कोई प्रतिमा हरिद्वार में लगायी जाए। यद्यपि कनखल में गांधी मार्ग का नामकरण हो चुका था। अब हरिद्वार में नागरिक मंच के प्रयासों से भगत सिंह चौक के समीप औद्योगिक इकाई भेल ने गांधी पार्क विकसित कर गांधी प्रतिमा लगायी है। इस प्रतिमा का अनावरण रविवार को समारोह पूर्वक होने जा रहा है। गांधी पार्क उस स्वर्ण जयंती पार्क की तर्ज पर विकसित किया गया है, जो हरिद्वार का विशेष आकर्षण है। संभवत: दूर-दूर तक ऐसा कोई अन्य पार्क न हो। अब गांधी पार्क हरिद्वार वासियों के लिए एक उपलब्धि बनकर सामने आ रहा है।
विज्ञापन
उल्लास के साथ मनाई जाएगी गांधी जयंती
हरिद्वार। जिले में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती रविवार को समारोह पूर्वक मनाई जाएगी। इस दौरान कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ के निर्देश पर अधिकारी इसकी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
गांधी जयंती पर सुबह साढ़े छह बजे से प्रभात फेरी पन्ना लाल भल्ला म्यूनिसिपल इंटर कालेज हरिद्वार से देवपुरा चौक, मुख्य मार्ग-शिवमूर्ति- ललतारौ पुल-कोतवाली हरिद्वार-अपर रोड से होते हुए हर की पैड़ी तक निकाली जाएगी। सुबह आठ बजे से सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद कार्यालयों/विद्यालयों और दूसरे संस्थानों में राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी एवं लालबहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण व माल्यार्पण करते हुए महिलाओं की उन्नति के लिए गाँधी के जीवन-संघर्ष, उनकी देश-सेवा, उनके जीवन मूल्यों पर प्रकाश डाला जायेगा।
प्रात: 09 बजे से 10 बजे हर की पैड़ी से पुलजटवाड़ा तक विद्यालयों द्वारा संचालित एनसीसी और एनएसएस आदि यूनिटों द्वारा मुख्य मार्ग पर श्रमदान किया जाएगा। सुबह 10:30 बजे से 12 बजे तक जिला अस्पताल में गरीब बीमार व्यक्तियों को तथा चंडी घाट पुल के नीचे रह रहे कुष्ठ रोगियों को फल, औषधियां एवं मिष्ठान का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों, राष्ट्रीय महापुरुषों और नेताओं की स्थापित मूर्तियों आदि स्थलों पर सफाई व्यवस्था, सर्वाधिक मलिन बस्ती में सफाई व्यवस्था, चूना छिड़काव किया जाएगा। राज्य सरकार को संचालित योजनाओं की जानकारी, गांधी आश्रम द्वारा खादी के कपड़ों एवं खादी बोर्ड द्वारा निर्मित अन्य सामग्रियों का स्टाल लगाकर प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके अलावा सार्वजनिक स्थलों/उद्यानों/विद्यालय प्रांगण/शासकीय कार्यालयों आदि पर वृक्षारोपण भी किया जाएगा।