दिल्ली से परिवार के साथ दरगाह साबिर पाक में जियारत करने आई महिला की सात साल की बच्ची अचानक संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिवार की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। साथ ही आसपास बच्ची की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल पाया। पुलिस ने बच्ची के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के बबना जेजे कॉलोनी निवासी महिला परिवार के साथ कलियर दरगाह में जियारत करने आई थी। शनिवार दोपहर उसकी सात वर्षीय बच्ची अपने भाई-बहनों के साथ घूमने गई थी। इस दौरान बरेली सराय के सामने पार्किंग से बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजनों ने देर रात तक कलियर में बच्ची की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल पाया। रविवार को महिला ने पुलिस को जानकारी दी। सिविल लाइंस कोतवाली और कलियर थाना पुलिस ने कलियर व गंगनहर किनारे बच्ची की तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला, लेकिन बच्ची का सुराग नहीं लगा। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र राठी ने बताया कि बच्ची के अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। कलियर और आसपास के क्षेत्र में बच्ची की गहनता से तलाश की जा रही है।