आईआईटी रुड़की ने आर्यभट्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ ऑब्जरवेशनल साइंसेज, नैनीताल के साथ शैक्षणिक सहयोग एमओयू पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान संयुक्त रूप से अनुसंधान में सहयोग, संकाय सदस्यों, वैज्ञानिकों और छात्रों का आदान-प्रदान करने पर सहमति जताई गई। यही नहीं, दोनों संस्थान वैज्ञानिक तकनीकी मामलों को एक-दूसरे से साझा करेंगे, संयुक्त सम्मेलन, कार्यशालाएं और अल्पकालीन पाठ्यक्रम आयोजित करने पर भी सहमति व्यक्त की गई।
आईआईटी के निदेशक प्रो. एके चतुर्वेदी ने कहा कि इस भागीदारी का उद्देश्य आईआईटी रुड़की और आर्यभट्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ ऑब्जरवेशनल साइंसेज के शोधकर्ताओं को एक-दूसरे के समीप लाना है ताकि उनकी तत्संबंधी शक्तियों को मिलाकर वैज्ञानिक व इंजीनियरिंग संबंधी समस्याओं का हल ढूंढा जा सके। इस समझौते से आईआईटी रुड़की के फिजिक्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग के छात्र आर्यभट्ट इंस्टीट्यूट के विभिन्न प्रकार के टेलीस्कोप पर प्रोजेक्ट संबंधी गतिविधियों में शामिल हो सकेंगे। माइक्रोवेव इंजीनियरिंग, एटमॉस्फियरिक रडार पर चल रहे प्रोजेक्ट की गतिविधियों में सहभागी बन सकेंगे। आर्यभट्ट रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ ऑब्जरवेशनल साइंसेज के निदेशक प्रोफेसर दीपंकर बनर्जी ने कहा कि समझौते से दोनों संस्थानों और उनके छात्रों को सुविधाएं मिल सकेंगी।