लक्सर/खानपुर। पुलिस ने अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से चोरी की 12 बाइक बरामद की हैं। पुलिस ने चारों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं, गिरोह का सरगना अभी पुलिस की पकड़ से दूर है।
शनिवार को लक्सर कोतवाली में एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने प्रेसवार्ता कर बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने चेकिंग के दौरान लक्सर क्षेत्र के हबीबपुर कुड़ी गांव निवासी परवेज को चोरी की बाइक के साथ पकड़ा था। पूछताछ में उसने अपने पांच साथियों के साथ मिलकर बाइक चोरी करने की बात बताई थी। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर उसके साथी सावेज राणा निवासी हबीबपुर कुड़ी और महाराजपुर खुर्द के राजन व राहुल को गिरफ्तार कर लिया। जबकि, गिरोह का सरगना नीटू निवासी मजलिसपुर तौफीर, थाना भोपा जिला मुजफ्फरनगर, हाल निवासी नया गांव आंबेडकर, थाना मझौला, मुरादाबाद फरार हो गया। पुलिस ने चारों की निशानदेही पर चोरी की 12 बाइक बरामद की हैं। एसपी देहात ने बताया कि गिरोह लक्सर, रुड़की और बिजनौर से बाइक चोरी करता था। इनके खिलाफ बिजनौर में आठ केस दर्ज हैं। पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी प्रदीप चौहान, एसएसआई मनोज सिरोला, एसआई विनय मोहन द्विवेदी, नवीन पुरोहित, सिपाही अनिल सिंह, जितेंद्र यादव, अरविंद नौटियाल, अवनेश राणा, अब्बल सिंह, रणवीर सिंह शामिल थे।