कोतवाली थाना गंगनहर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने एसपी देहात से मुलाकात की। एसपी देहात प्रमेंद्र डोबाल ने पुलिस और व्यापारियों के बीच समन्वय बनाकर काम करने का आश्वासन दिया है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल उत्तराखंड के पदाधिकारियों ने रविवार को पुलिस अधीक्षक देहात प्रमेंद्र डोबाल से मुलाकात की। पदाधिकारियों ने बताया कि पुलिस उपनिरीक्षक मनोज सिखोला ने 12 मार्च को आजादनगर रोड पर स्थित तीन शोरूम के पुलिस एक्ट में 10 हजार रुपये के चालान काटे हैं। इस पर शोरूम स्वामियों ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से संपर्क किया और कहा कि कोरोना काल के बाद से व्यापारी अभी तक आर्थिक रूप से मजबूत नहीं हो पाए हैं। जबकि पुलिस आर्थिक दंड लगाकर परेशान कर रही है। पदाधिकारियों ने कहा कि कोविड-19 के चलते पिछले एक वर्ष से बाजार में कारोबार की स्थिति चिंताजनक है। ऐसे में अनावश्यक रूप से पुलिस के द्वारा पुलिस एक्ट में चालान काटे जा रहे हैं। इस पर एसपी देहात ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि भविष्य में पुलिस और व्यापारियों के बीच समन्वय बना रहेगा। पुलिस अधीक्षक देहात से भेंट करने वालों में व्यापारी नेता अजय गुप्ता, नवीन गुलाटी, अनुज अग्रवाल रामगोपाल कंसल, भरत कपूर, दीपक अरोड़ा, रतन अग्रवाल, मनोज अग्रवाल रहे हैं।