बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो कारें टकराईं सवारों में जमकर हाथापाई
- गंभीर घायल महिला को डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर किया
- पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुआंखेड़ा चौराहे के पास बाइक सवार दंपति को बोलेरो ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पीछे बैठी उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं, टक्कर मारने के बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई, जिससे बोलेरो सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने महिला हालत नाजुक देख हायर सेंटर रेफर कर दिया है।
सहारनपुर के थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के कुरड़ी खेड़ा गांव निवासी सुनील उर्फ नीटू (40) पुत्र सेवाराम की कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदपुर बुजुर्ग गांव में रिश्तेदारी है। रविवार देर शाम सुनील अपनी पत्नी दिनेश देवी के साथ बाइक से मोहम्मदपुर बुजुर्ग गांव में अपनी मौसी के घर जा रहे थे। जैसे ही लक्सर-रुड़की मार्ग पर कुआंखेड़ा चौराहे के पास पहुंचे तो एक बोलोरो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुनील की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो र्गइं। हादसे के बाद बोलेरो भी अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे खाई में पलट गई। उसमें सवार दो लोगों को भी चोट आई है।
पुलिस ने दुर्घटना में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया, जहां से डॉक्टरों ने घायल महिला को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। वहीं बोलेरो सवार अपने किसी साथी की मदद से दूसरी कार से रवाना हुए। एसएसआई अभिनव शर्मा ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, मामले में मृतक पक्ष की ओर से मुजफ्फरनगर के ग्राम भैसानी निवासी सुशील कुमार ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोलानी नदी पुल के पास ओवरटेक करते समय हुआ हादसा
रुड़की में हाईवे पर ओवरटेक करते समय एक कार ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी। कार टकराने पर दोनों कारों में सवार लोगों में गालीगलौज और मारपीट हो गई। इससे हाईवे पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों चालकों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
रविवार रात करीब दस बजे रुड़की की ओर से जा रही एक कार जैसे ही सोलानी नदी पुल पर पहुंची तो सामने रोडवेज बस को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही एक कार से जा टकराई। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। इस बीच दोनों कार सवारों में गालीगलौज के साथ मारपीट हो गई। हंगामा इतना बढ़ा कि हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कार सवारों को शांत कराया। साथ ही दोनों कारों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु करवाया। इसके बाद भी कार सवार पुलिस के सामने ही भिड़ते रहे। इस पर पुलिस दोनों को पकड़कर कोतवाली ले आई। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि दोनों कार सवारों में समझौता हो गया है। उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया है।
मसूरी में खाई में गिरी कार, सभी सकुशल
सोमवार की शाम मसूरी कैंपटी मार्ग पर बंगलो की कांडी के पास एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। स्थानीय लोग और कैम्पटी पुलिस की मदद से पांच घायलों को खाई से निकाला गया। सभी यात्री पंजाब के बताए जा रहे हैं। इनमें एक बच्चा भी है। सभी घायलों को ट्रीटमेंट हेतु पास के अस्पताल में ले जाया गया। सभी लोग सकुशल हैं।