ऋषिकेश घूमने आने वाले पर्यटक ध्यान दें... स्वीमिंग पूल नहीं... ये आराध्य मां गंगा है प्यारे!
तीर्थनगरी में लक्ष्मणझूला, स्वर्गाश्रम, तपोवन, मुनिकीरेती क्षेत्र में देशी-विदेशी पर्यटक घूमने आते हैं। यहां सैलानियों को गंगा अपनी ओर आकर्षित करती है और वे स्वीमिंग पूल समझकर बिना गहराई का अंदाजा लगाए इसमें उतर जाते हैं। इससे पर्यटकों की जान पर बन आती है। वर्ष 2020 में अब तक 11 पर्यटक अपनी जान गंवा चुके हैं।
बीते दिवस हुए हादसे के बाद भी कुछ ऐसी ही तस्वीर निकलकर सामने आई, जब दिल्ली से एक महिला मित्र के साथ घूमने आए दो दोस्त ऐसी जगह नदी में उतर गए जहां पानी बहुत गहरा था। गंगा में अठखेलियां करते हुए इनमें से एक युवक डूब गया।
मुनिकीरेती, तपोवन, नीमबीच, शिवपुरी, ब्रह्मपुरी, लक्ष्मणझूला बॉबेघाट, गोवा बीच कई ऐसे तट हैं, जहां पर्यटक जान जोखिम में डालकर स्नान करते हैं। स्थानीय पुलिस ने इन जगहों को स्नान के लिए प्रतिबंधित कर रखा है। इसके बावजूद पर्यटक इनकी अनदेखी करते हैं।
बाहर से आने वाले खासकर दिल्ली एनसीआर, हरियाणा के पर्यटक गंगा के साथ स्वीमिंग पूल की तरह व्यवहार करते हैं। वह इसकी गहराई को नहीं जान पाते और एकांत के चक्कर में वह कहीं भी डुबकी लगाना शुरू कर देते हैं। यही लापरवाही इन पर्यटकों पर भारी पड़ती है।
बीते वर्ष 16 लोगों ने गंवाई जान
थाना मुनिकीरेती पुलिस के अनुसार वर्ष 2019 में सात और इस वर्ष अब तक पांच पर्यटक गंगा में डूबकर जान गंवा चुके हैं। लक्ष्मणझूला पुलिस के आंकड़ों की बात करें तो वर्ष 2019 में 9 और इस वर्ष अब तक छह पर्यटक गंगा में स्नान के दौरान जान गंवा चुके हैं। इस तरह तीर्थक्षेत्र में से पिछले साल 16 तो इस वर्ष अब तक 11 लोग गंगा में डूबकर जान गंवा चुके हैं।
दूसरे दिन भी नहीं चला दिल्ली के युवक का पता
थाना मुनिकीरेती के अंतर्गत शिवपुरी के यूसूफ बीच में डूबे दिल्ली के युवक का दूसरे दिन रविवार को भी कुछ पता नहीं चल सका। सुबह से लेकर शाम तक मुनिकीरेती पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से गंगा में सघन रेस्क्यू अभियान चलाया। शिवपुरी चौकी इंचार्ज विनोद कुमार ने बताया कि गंगा में रविवार सुबह से लेकर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन युवक का पता नहीं चला।
गौरतलब है कि बीते शनिवार को दिल्ली के तीन दोस्त अभिषेक, शशांक और अजंली शिवपुरी घूमने आए थे। तीनों दोस्त यूसूफ बीच पर नहाने लगे। इस दौरान अभिषेक (24) पुत्र विद्यापति राठौर निवासी रोहिणी सेक्टर 17 दिल्ली का अचानक पैर फिसल गया और वह डूब गया।
एसडीआरएफ के उप निरीक्षक कविंद्र शर्मा, ओम प्रकाश कुकरेती, संदीप सिंह, सुमीत नेगी, प्रदीप नेगी, कविंद्र चौहान आदि गोताखोर लगाकर सर्च अभियान चला रहे हैं। इस दौरान युवक के माता-पिता और अन्य परिजन भी मौके पर पहुंचे।