फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Rishikesh News ›   Make arrangements before the journey starts

यात्रा शुरू होने से पहले व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर लें सभी विभाग: गढ़वाल कमिश्नर

Thu, 25 Mar 2021 01:08 AM IST
Dehradun Bureau देहरादून ब्यूरो
Updated Thu, 25 Mar 2021 01:08 AM IST
विज्ञापन
Make arrangements before the journey starts
नगर निगम सभागार में चारधाम और महाकुंभ 2021 की तैयारियों को लेकर बैठक करते गढ़वाल कमिश्नर और विभागीय - फोटो : RISHIKESH
ऋषिकेश। मई में शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने के लिए ऋषिकेश पहुंचे गढ़वाल कमिश्नर रविनाथ रमन ने गढ़वाल के सभी जिलाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर यात्रा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों से हर हाल में यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी प्रकार के स्थायी, अस्थायी एवं तमाम व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश जारी किए।
विज्ञापन

बुधवार की दोपहर नगर निगम के स्वर्ण जयंती सभागार में आयोजित बैठक में गढ़वाल कमिश्नर रविनाथ रमन चारधाम यात्रा के दौरान अभी तक किए गए कार्यों का लेखा-जोखा और यात्रा के मद्देनजर की जाने वाली व्यवस्थाओं की रूपरेखा बिंदुवार अधिकारियों से प्राप्त की। बैठक में यात्रियों द्वारा यात्रा के दौरान असुविधा की लिखित शिकायतों एवं सोशल साइट्स, व्हाट्सएप पर की गई शिकायतों के समाधान के संबंध में जानकारी ली गई। वहीं जनपद स्तर पर जिलाधिकारियों के नियंत्रण में यात्रियों की सहायता के लिए यात्रा मार्ग के बाधित होने पर संबंधित जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को कंट्रोल रूम संचालन की व्यवस्था बनाने को कहा गया। बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण विभाग, बीआरओ, एनएचआईए को अपने-अपने क्षेत्र में सड़कों के निर्माण और अन्य कार्यों को दुरुस्त रखने को कहा गया है। वहीं ऑल वेदर रोड के निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
विज्ञापन

पुलिस विभाग के अधिकारियों ने यात्रा सीजन में यात्रा मार्गों पर एसडीआरएफ, पुलिस बल, गोताखोर, ट्रैफिक पुलिस व्यवस्था की प्रगति रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। बैठक में यात्रा प्रारंभ होने से पहले बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, पेयजल व्यवस्था, यात्रा मार्ग पर चिकित्सकों एंव मेडिकल स्टाफ की तैनाती, जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता, केदारनाथ, यमुनोत्री धाम में कार्डियोलोजिस्ट की तैनाती किए जाने पर भी मंथन किया गया। अगली रिव्यू बैठक अप्रैल के तृतीय सप्ताह में आयोजित की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

बैठक में यह रहे मौजूद
बैठक में डीआईजी गढ़वाल नीरू गर्ग, जिलाधिकारी देहरादून आशीष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी टिहरी ईवा आशीष श्रीवास्तव, जिलाधिकारी उत्तरकाशी मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी हरिद्वार सी रविशंकर, एसएसपी देहरादून योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी टिहरी तृप्ति भट्ट, एसएसपी हरिद्वार डी सेंथिल अबुदई, एसएसपी चमोली यशवंत सिंह चौहान, एसएसपी उत्तरकाशी मणिकांत मिश्रा, एसपी रुद्रप्रयाग आयुष अग्रवाल, अपर पुलिस अधीक्षक पौड़ी मनीषा जोशी, एसपी देहात स्वतंत्र कुमार, प्रबंध निदेशक जीएमवीएन डॉ. आशीष चौहान, महाप्रबंधक जल संस्थान सुबोध कुमार, अधीक्षण अभियंता जल संस्थान नमित रमोला, अधिशासी अभियंता जल संस्थान एबी सिंह, महाप्रबंधक परिवहन दीपक जैन, अधिशासी अभियंता नेशनल हाईवे डोईवाला डिवीजन ओपी सिंह, उपजिलाधिकारी ऋषिकेश वरूण चौधरी, अपर जिलाधिकारी बीके मिश्रा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी देवस्थानम बोर्ड बीडी सिंह, सीडीओ एचडी पांडे, मुख्य नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल, एआरटीओ ऋषिकेश अरविंद पांडे, सीओ ऋषिकेश डीसी ढौंडियाल, यात्रा प्रशासन संगठन के वैयत्तिक अधिकारी एके श्रवास्तव, श्री गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह बिंद्रा, प्रबंधक दर्शन सिंह आदि मौजूद रहे। बैठक का संचालन अपर आयुक्त हरक सिंह रावत ने किया।
मेयर ने उठाया सरकारी अस्पताल का मुद्दा
ऋषिकेश। बैठक में शिरकत करते हुए मेयर अनिता ममगाई ने चारधाम यात्रा के मुख्य द्वार ऋषिकेश में स्थित राजकीय चिकित्सालय की हालत बयां की। मेयर ने कहा कि यात्रा के दौरान होने वाली सड़क दुर्घटनाओं या आपदा की स्थिति में सबसे पहले घायल या बीमार लोगों को यहां के राजकीय चिकित्सालय में लाया जाता है, लेकिन यहां जरूरत पड़ने पर टीटनेस का इजेंक्शन तक नहीं मिलता है। ऐसे में यात्रा के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाएं दुरूस्त किए जाने की आवश्यकता है। इसके अलावा यात्रा के दौरान लगने वाले जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस फोर्स की व्यवस्था कराए जाने, ऋषिकेश में बिजली की कटौती न किए जाने, पानी की समुचित व्यवस्था कराए जाने के साथ यात्रा बस टर्मिनल पर वॉटरप्रूफ अस्थायी टैंट की व्यवस्था करने की मांग की। जिसका मंडलायुक्त ने तुरंत मौके पर अधिकारियों को निर्देश जारी किए।
कोरोना के मद्देनजर अलग से जारी होगी एसओपी
ऋषिकेश। कोरोना महामारी के बीच चारधाम यात्रा किस प्रकार संचालित होगी, इस सवाल के जवाब में मंडलायुक्त रविनाथ रमन ने कहा कि इसके लिए कुंभ की तर्ज पर अलग से एसओपी जारी की जाएगी, जो राज्य सरकार का आपदा प्रबंधन विभाग जारी करेगा। एसओपी में कौन-कौन से बिंदु शामिल किए जाएंगे, ये उस वक्त के हालात पर निर्भर करेगा। लेकिन चारधाम पर जाने वाले यात्रियों के लिए पंजीकरण जरूरी होगा, जिसे वेबसाइट के माध्यम से किया जाएगा।
कपाट खुलने की तिथियां
बदरीनाथ- 18 मई
केदारनाथ-17 मई
गंगोत्री-यमुनोत्री - 14 मई
हेमकुंड साहिब - 10 मई
हेमकुंड में बनेगा इंमरजेंसी लेंडिंग हेलीपेड
ऋषिकेश। बैठक में श्री गुरुद्वारा हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह बिंद्रा हेमकुंड साहिब में हेलीपेड बनाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि इसके लिए जमीन भी चिह्नित कर ली गई, लेकिन अभी तक कार्यवाही आगे नहीं बढ़ी है। इस पर मंडलायुक्त ने इस मुद्दे पर शासन में अगल से बैठक कर समाधान का आश्वासन दिया।
केदारनाथ का कूड़ा गुप्तकाशी में होगा डंप
ऋषिकेश। केदारनाथ में कूड़े के निस्तारण के संबंध में मंडलायुक्त की ओर से पूछे गए सवाल के जवाब में अधिकारियों ने बताया कि गुप्तकाशी में एक ट्रंचिंग ग्राउंड तैयार कर लिया गया है, जहां कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा जगह-जगह कूड़ेदान लगाने की भी व्यवस्था की जाएगी।
स्टैंडपोस्ट के साथ लगे वाटर एटीएम
ऋषिकेश। यात्राकाल के दौरान अकसर यात्री टौंटी वाले नलों से पानी पीने से कतराते हैं, ऐसे में मंडलायुक्त ने इस बार अधिकारियों को इस संबंध में कुछ नए प्रयोग करने के लिए दिशा निर्देश जारी किए। इसके तहत वाटर एटीएम लगाने के साथ सुंदर स्टील के नल और स्टैंड पोस्ट लगाने पर भी विचार किया गया।
बीएसएनएल के अधिकारी रहे नदारद
ऋषिकेश। बैठक में संचार व्यवस्था का जब सवाल आया तो बीएसएनएल के अधिकारी नदारद थे, जिस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी भी जताई। उन्होंने दूसरी प्राइवेट संचार कंपनियों से भी संपर्क कर धामों में संचार व्यवस्था को दुरूस्त बनाने के निर्देश जारी किए।
ओवररेटिंग रोकने के निर्देश
ऋषिकेश। अकसर बाहर से आने वाले तीर्थयात्रियों, श्रद्धालुओं की शिकायत रहती है कि उनसे चीजों के अधिक दाम वसूले जाते हैं। इस पर मंडलायुक्त ने सभी दुकानदारों को रेट लगाने के निर्देश जारी किए। साथ खाद्यान विभाग से लगातार चेकिंग करने के भी निर्देश जारी किए।
चार जिलों के नहीं मिले वित्तीय प्रस्ताव
ऋषिकेश। मंडलायुक्त ने इस बात पर हैरानी जताई की चारधाम यात्रा के मद्देनजर अभी तक कुछ जिलों से वित्तीय प्रस्ताव ही नहीं मिले हैं। इनमें देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार शामिल हैं। उन्होंने जिलाधिकारियों से यथाशीघ्र प्रस्ताव भेजने को कहा।
कैंप में होगी यात्रियों की जांच
ऋषिकेश। चारधाम यात्रा के मद्देनजर चारधाम बस टर्मिनल में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चात्राकाल में अस्थायी शिविर आयोजित किया जाएगा। जिसमें यात्रा पर जाने वाले तीर्थयात्रियों की जांच की जाएगी। इसके अलावा किसी आपात स्थित में प्राथमिक उपचार भी दिया जा सकेगा।

रोडवेज की 50 बसें लगेंगी यात्रा में
ऋषिकश। यात्राकाल में रोडवेज बसों की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जवाब दिया कि उन्होंने यात्रा के लिए 50 बसें आरक्षित की हैं। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई या घटाई भी जा सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed