ऋषिकेश के ग्राम सभा खदरी खड़क माफ में बीती रात जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। इस दौरान हाथी ने फसल नष्ट करते हुए आधा दर्जन से अधिक चारदीवारी गिरा दी। पंचायत सदस्य श्रीकांत ने बताया कि ग्राम सभा के वार्ड 7 और 8 में आधी रात को आ धमके जंगली हाथी ने ललित मोहन रयाल के अलावा मुकुंद राम रयाल, दिनेश कुलियाल, आनंदप्रकाश रतूड़ी, राजाराम कुलियाल, राय सिंह भंडारी की चारदीवारी गिरा दी। बरसात होने के कारण लोग अपने घरों में सोते रहे और जंगली हाथी चारे की लालच में इधर उधर भटकता रहा।
दूसरी ओर वार्ड नंबर 6 निवासी बाचस्पति चमोली ने बताया कि जंगली हाथी ने उनकी डेढ़ बीघा और मोहर सिंह की दो बीघा भूमि पर लगाई गई धान की रोपाई रौंद डाली है। इसके अलावा सत्ते सिंह, ललित सिंह, भगवान सिंह, प्रेमलाल गैरोला, गोपेश्वर प्रसाद रतूड़ी, प्रभा शंकर की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। ग्रामीणों का कहना है कि जिस तरह से एक ही रात में पूरे गांव में फसलें रौंदने और चारदीवारी ढहाने की घटनाएं सामने आई हैं, इससे एकाधिक हाथी होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। समाज सेवी विनोद जुगलान विप्र ने बताया कि जंगली हाथी खदरी स्थित राजकीय पॉलीटेक्निक तारबाड़ तोड़कर गांव में प्रवेश कर रहा है। अगर वन विभाग उक्त संस्थान के समीप खाई खुदवाकर बंद कर देता है तो जंगली हाथी का गांव में प्रवेश बंद हो जाएगा। इस संदर्भ में वन क्षेत्राधिकारी आरपीएस नेगी का कहना है कि गश्त लगातार जारी है। हाथियों को आबादी क्षेत्र में जाने से रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं।