मुवानी (पिथौरागढ़)। मुवानी के मुनड़ी नामक स्थान पर बना यात्री विश्राम गृह जर्जर हो गया है। विश्राम गृह की दीवारों के पिलर के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही छत के लिंटर में भी दरारें पड़ी हैं। इससे विश्राम गृह के गिरने का खतरा है। चार साल पहले विधायक निधि से मुवानी के भंडारीगांव रजवार के मुनड़ी नामक स्थान पर यात्री विश्राम गृह बनाया गया। इस यात्री विश्राम गृह में नदी पार से आने वाले यात्री बैठते हैं। इस विश्राम गृह गर्मी और बरसात में नदी पार के गांवों से आने वाले यात्रियों को काफी राहत मिलती है। मोटरमार्ग में स्थित होने से जिला मुख्यालय थल, बेड़ीनाग, डीडीहाट जाने वाले यात्री यहां पर वाहनों का इंतजार करते हैं। समाजसेवी राकेश चंद, हेम चंद, निर्मल भट्ट, किशोर भट्ट, कुंदन सिंह, नवीन कुमार ने विधायक को ज्ञापन भेजकर शीघ्र यात्री विश्राम गृह की दशा सुधारने की मांग की है।