संवाद न्यूज एजेंसी, बेड़ीनाग (पिथौरागढ़) । बागेश्वर जिले को जोड़ने वाला मोटर मार्ग पिछले एक दशक से खस्ताहाल पड़ा है। अवैध खनन के कारण सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। शुक्रवार को क्षेत्रवासियों ने लोक निर्माण विभाग के ईई से मिलकर सड़क का सुधार करने की मांग उठाई। लोगों ने कहा कि छह किमी लंबी बेड़ीनाग-पोंसा दौलीगाड़ सड़क सुधार की मांग लंबे समय से की जा रही है। कहा कि विभाग के आला अधिकारियों से लेकर बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपद के अधिकारियों को लिखित रूप से अवगत करा दिया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि इस मार्ग में दिन रात खनन माफियाओं के सक्रिय रहने के कारण जगह जगह पर भूस्खलन हो रहा है। जिसकी शिकायत पूर्व में विभागीय अधिकारियों और पुलिस प्रसाशन से की गई थी इसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पंचायत प्रतिनिधियों सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सड़क का शीघ्र सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
ईई से मिलने वालों में ग्राम प्रधान ठागा गीता शाहनी, अध्यक्ष कमस्यार घाटी संघर्ष समिति सतीश उप्रेती, व्यापार संघ कोषाध्यक्ष बेड़ीनाग हेम उप्रेती, प्रमोद उप्रेती, गोपाल राम, लक्ष्मी देवी ,जानकी देवी, इंदू देवी, गंगा देवी, गोविंद कुमार आदि मौजूद थे। इधर लोनिवि के ईई बीके सिन्हा ने बताया कि सड़क सुधारीकरण तथा डामरीकरण का आगणन बनाकर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराने की बात कही है।