{"_id":"57618e994f1c1b4b5c11b8c7","slug":"the-first-group-of-passengers-transported-kailas-halt-gala","type":"story","status":"publish","title_hn":"गाला पड़ाव पहुंचा कैलास यात्रियों का प्रथम दल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
गाला पड़ाव पहुंचा कैलास यात्रियों का प्रथम दल
ब्यूरो/अमर उजाला, डीडीहाट
Updated Wed, 15 Jun 2016 10:51 PM IST
विज्ञापन
बरसाती नाला पार करते कैलास यात्री
- फोटो : अमर उजाला
कैलास मानसरोवर की यात्रा पर जा रहे प्रथम दल के सदस्य बुधवार दोपहर बाद गाला पड़ाव पहुंच गए। यात्रियों ने बुधवार सुबह सिर्खा पड़ाव से यात्रा शुरू की। 55 सदस्यों वाले इस दल को पैदल रास्ते में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हुई। आईटीबीपी सातवीं वाहिनी मुख्यालय में स्थापित यात्रा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार सभी यात्री स्वस्थ और उत्साहित हैं। यात्रियों को मंगलवार दोपहर बाद नारायणआश्रम तक वाहनों से पहुंचाया गया। वहां से मात्र चार किलोमीटर का सफर तय कर यात्री सिर्खा पड़ाव पहुंचे। बुधवार को सिर्खा से गाला तक यात्रियों को नौ किलोमीटर का पैदल सफर तय करना पड़ा। इस रास्ते में बरसाती नाले भी हैं।
विज्ञापन
प्रथम दल के लायजनिंग आफीसर मृत्युंजय कुमार ने बताया कि दल के सभी 47 पुरुष और 8 महिला यात्री यात्रा को लेकर काफी खुश हैं। सिर्खा से गाला जाते समय यात्रा दल को आईटीबीपी की रेस्क्यू टीमों ने बरसाती नाले पार कराए। उच्च हिमालय में तैनात आईटीबीपी और एसएसबी के जवान और गांव वाले यात्रियों का गर्मजोशी के साथ स्वागत कर रहे हैं। सेनानी महेंद्र प्रताप ने बताया कि यात्रियों की जानकारी के लिए आईटीबीपी का कंट्रोल रूम 24 घंटे कार्य कर रहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्र में बारिश शुरू हो गई है। कैलास यात्रा पर जाने वाला दूसरा दल 17 जून को डीडीहाट पहुंचेगा।
विज्ञापन