{"_id":"598208d34f1c1b677d8b463a","slug":"small-kailash-passenger-team-stopped-at-gujji","type":"story","status":"publish","title_hn":"छोटा कैलाश यात्री दल को गुंजी में रोका","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छोटा कैलाश यात्री दल को गुंजी में रोका
ब्यूरो/अमर उजाला, धारचूला/अस्कोट
Updated Wed, 02 Aug 2017 10:46 PM IST
विज्ञापन
बारिश
- फोटो : अमर उजाला
छोटा कैलाश यात्रा मार्ग पर गुंजी और कुटी के बीच नंफा नाले पर बना पैदल पुल मंगलवार रात भारी बारिश के दौरान बह गया है। नंफा नाला उफान पर है। इस कारण छोटा कैलाश की यात्रा पर जा रहे 13वें दल के 18 यात्रियों को गुंजी में ही रोक दिया गया है, यदि जल्दी पुल की मरम्मत नहीं हुई तो इस दल को गुंजी से वापस लौटना पड़ेगा। प्रभारी जिलाधिकारी आशीष चौहान ने लोक निर्माण विभाग अस्कोट को निर्देश दिए हैं कि शीघ्र पुल की मरम्मत की जाए।
विज्ञापन
जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार नंफा नाले का पुल बहने से उसे आरपार कर पाना संभव नहीं है। रास्ते और पुल का निर्माण हुए बगैर यात्रियों को आगे भेज पाना संभव नहीं होगा। बताया गया कि 13वें छोटा कैलाश यात्री दल के सदस्य मंगलवार शाम गुंजी पहुंच गए थे। बुधवार सुबह उनको कुटी, ज्योलिंगकांग होते हुए छोटा कैलाश जाना था। पुल टूटने की सूचना मिलते ही यात्रियों को रोक दिया गया है।
विज्ञापन
उधर, अस्कोट में लोनिवि के अधिशासी अभियंता एबी कांडपाल ने बताया कि पुल टूटने की सूचना के बाद सहायक अभियंता गोविंद सिंह जनौटी के नेतृत्व में मजदूरों की टीम मौके को रवाना कर दी गई है। उन्होंने बताया कि नंफा नाले पर भारी खतरा है। नाले को पार कर पाना संभव नहीं है। धारचूला में आधार शिविर के अधिकारी गुंजी से लगातार संपर्क बनाए हैं। फिलहाल यात्रियों को आगे बढ़ने से रोका गया है। यात्राधिकारी आरसी जोशी और दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि यदि रास्ता नहीं खुला तो यात्रियों को वापस बुलाया जाएगा।
विज्ञापन