पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में नए साल को लेकर लोगों में काफी उत्साह रहा। लोगों ने साल के पहले दिन की शुरुआत मंदिरों में पूजा अर्चना के साथ की। इसके अलावा चंडाक और अन्य क्षेत्रों में लोग परिवार सहित नए साल की शुरुआत करने पहुंचे। मुनस्यारी में पर्यटकों ने नये साल का जश्न मनाया।
शुक्रवार को लोगों ने घंटेश्वर मंदिर, उल्का देवी मंदिर, ध्वज मंदिर, थलकेदार मंदिर सहित कई स्थानों में पूजा-अर्चना की। इसके अलावा लोग परिवार सहित चंडाक घूमने पहुंचे। पुलिस ने भी नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त की। इधर, मुनस्यारी में एक हजार से अधिक पर्यटक नया वर्ष मनाने पहुंचे हैं।
पर्यटकों ने नंदा देवी मंदिर, खलियाटॉप, विर्थी फॉल सहित कई अन्य स्थानों पर नव वर्ष का जश्न मनाया। हालांकि चौकोड़ी में इस बार पर्यटक नहीं पहुंचे। जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों में पिछले वर्षों तक जिस तरह से 31 दिसंबर की रात जश्न मनाया जाता था ऐसा कहीं भी देखने को नहीं मिला।