Pithoragarh: कार्यालयों से नदारद मिले 80 से अधिक कर्मचारी, बगैर अवकाश के रहते हैं गायब; ऐसे उजागर हुआ मामला
पिथौरागढ़ जिले में अधिकारी और कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंचते हैं। कई अधिकारी बगैर अवकाश के गायब रहते हैं। डीएम के निर्देश पर जब कार्यालयों में छापा मारा तो मामला उजागर हुआ।
विस्तार
पिथौरागढ़ जिले में अधिकारी और कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय नहीं पहुंचते हैं। कई अधिकारी बगैर अवकाश के गायब रहते हैं। डीएम के निर्देश पर जब कार्यालयों में छापा मारा तो मामला उजागर हुआ। छापेमारी के दौरान जिले की सभी तहसीलों में 80 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी अपने कार्यालयों से गायब मिले। डीएम ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
लंबे समय से अधिकारियों और कर्मचारियों के गायब रहने और समय पर कार्यस्थल में न पहुंचने की शिकायत को डीएम ने गंभीरता से लिया। तहसील और विकासखंड स्तर पर डीएम के निर्देश पर गठित अधिकारियों की टीम ने सोमवार को सरकारी कार्यालयों में छापा मारा। टीम 10 बजे कार्यालयों में पहुंची। अधिकतर कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचे। कई अधिकारी और कर्मचारी तय समय के एक या डेढ़ घंटे बाद कार्यालय पहुंचे तो कई बगैर अवकाश के पूरे दिन गायब रहे। जब सूची तैयार हुई तो जिले भर में 80 से अधिक कर्मचारी और अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे जबकि 40 से अधिक बगैर अवकाश के गायब मिले। डीएम विनोद गोस्वामी ने कहा कि कार्यालयों में अनुशासन और समयबद्धता जरूरी है। समय पर अपने कार्यस्थल न पहुंचने और गायब मिले अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी होगा। यदि उनका जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो आवश्यक होगी।
कलक्ट्रेट में फरियादियों की बढ़ी भीड़ तो जागा प्रशासन
डीएम विनोद गोस्वामी ने कहा कि उनके कार्यालय में फरियादियों की काफी भीड़ बढ़ी है। अधिकतर समस्याओं का विभागीय स्तर पर समाधान किया जा सकता था। जब समाधान नहीं हो रहा तो प्रभावित कलक्ट्रेट पहुंच रहे हैं। कलक्ट्रेट में फरियादियों की भीड़ से यह भी अंदाजा लगाया जा रहा है कि विभाग लोगों की समस्याओं के प्रति गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं।
तीन दिन अवकाश के बाद कार्यालय नहीं पहुंचे अधिकारी और कर्मचारी
बीते शुक्रवार को नवमी, शनिवार को दशहरा और रविवार को साप्ताहिक अवकाश के चलते सरकारी कार्यालय बंद रहे। तीन दिन बाद कार्यालय खुलने से फरियादी और अन्य लोग तो तय समय पर अपनी समस्याओं को लेकर सरकारी कार्यालयों में तो पहुंचे लेकिन अधिकारी और कर्मचारी गायब रहे। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.