{"_id":"589219ae4f1c1b313de82d08","slug":"madanpur-naini-bridge-fell-on-the-road-two-dead-3-injured","type":"story","status":"publish","title_hn":"मदनपुर-नैनी सड़क पर बना पुल गिरा, दो की मौत, 3 घायल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मदनपुर-नैनी सड़क पर बना पुल गिरा, दो की मौत, 3 घायल
ब्यूरो/अमर उजाला, गणाईगंगोली
Updated Wed, 01 Feb 2017 10:53 PM IST
विज्ञापन
मदनपुर-नैनी रोड पर न्योलियासेरा पुल टूटने से गिरे ट्रक
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मदनपुर-नैनी सड़क पर छह साल पहले 1.52 करोड़ की लागत से बना मोटर पुल बुधवार को ध्वस्त हो गया। हादसे के समय दो ट्रक पुल से गुजर रहे थे, जो पुल के ढांचे के साथ नदी के तल पर जा गिरे। पुल टूटने से पुल पर बैठे दो युवक और एक किशोर नदी में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इसमें से दो युवकों ने दम तोड़ दिया। ट्रक चालकों को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने पुल के क्षतिग्रस्त होने के लिए लोक निर्माण विभाग के घटिया निर्माण को जिम्मेदार ठहराया है।
विज्ञापन
बुधवार शाम करीब 4 बजे मदनपुर से 3 किमी आगे न्योलियासेरा में बने स्टील गार्डर पुल से नैनी के लिए पत्थर की रोड़ी ले जा रहे दो ट्रक एक साथ गुजर रहे थे। दोनों ट्रक जब पुल के बीच हिस्से पर पहुंचे तो पुल ट्रकों समेत नीचे लटक गया। पुल पर बाइक खड़ी कर तीन युवक सुनील कुमार (23) पुत्र बची राम निवासी भैसियाछाना, गोलू (16) निवासी हरड़ा, मनोज वाल्मीकि (22) पुत्र दिलसाद वाल्मीकि निवासी भैसियाछाना पुल पर बैठे थे। पुल टूटने से तीनों नदी तल पर जा गिरे। बाइक भी नदी में गिर गई। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को अल्मोड़ा बेस अस्पताल रेफर किया गया। मनोज और सुनील ने दम तोड़ दिया। गोलू को अल्मोड़ा से हल्द्वानी रेफर किया गया है। ट्रक चालक त्रिभुवन पाठक (35) पुत्र बुद्धि बल्लभ पाठक निवासी बेड़ीनाग, चंदू बोरा (31) निवासी बांसपटान को हल्की चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंच कर घायलों को नदी से बाहर निकाला।
विज्ञापन
बता दें कि वर्ष 2010-11 में निर्मित 93 मीटर लंबे इस पुल की गुणवत्ता पर निर्माण के समय ही स्थानीय लोगों ने सवाल उठाए थे। घटिया निर्माण कार्य की खबरों को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। आंदोलन हुए, लेकिन सरकारी तंत्र ने मामले को दबा दिया।
विज्ञापन
पुल टूटने से कई गांवों के लिए यातायात दिक्कत
मदनपुर-नैनी सड़क पर पुल ध्वस्त होने से न्योलियासेरा, सारतोला, नैनी, ग्वासीकोट, पिलखी, ननोली, खिरमांडे के लोगों के सामने दिक्कत खड़ी हो गई है। इन गांवों के लोग तहसील मुख्यालय, अल्मोड़ा, हल्द्वानी जाने के लिए इस सड़क का उपयोग करते थे। अब इलाके के लोगों को राईआगर होते हुए गणाईगंगोली आना पड़ेगा। इलाके के लोग पुल गिरने के कारणों की उच्च स्तरीय जांच करने के साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई चाहते हैं।
अधिक लोड के कारण पुल गिरा : ईई
पुल ध्वस्त होने के संबंध में जब लोनिवि बेड़ीनाग डिवीजन के अधिशासी अभियंता जीसी पंत से पूछा गया तो उनका कहना था कि अधिक लोड के कारण पुल गिर गया। दो ट्रकों का भार सहन न करने के सवाल का ईई कोई उत्तर नहीं दे पाए।
पुल गिरने के कारणों की जांच कराई जाएगी। पुल में खामी मिली तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - डा. रंजीत कुमार सिन्हा, जिलाधिकारी पिथौरागढ़