कैलाश यात्रा मार्ग पर लगाए सोलर सिस्टम खराब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर लगाए गए सोलर लाइट सिस्टम खराब हो गए हैं। कुछ स्थानों पर तो सोलर लाइट ने एक महीने तक भी सही तरीके से काम नहीं किया। दारमा और व्यास घाटी के गांवों में अब तक बिजली की लाइन नहीं खिंच पाई है। पिछले दिनों प्रदेश सरकार ने विद्युतीकरण से वंचित गांवों को उरेडा के माध्यम से सोलर लाइट देने की योजना बनाई। कैलाश मानसरोवर यात्रा मार्ग पर यू बैंक टेक्नालाजी कंपनी को सोलर लाइट लगाने का काम सौंपा गया था। जून में सोलर लाइट लगाने का काम शुरू हुआ और अब अधिकांश स्थानों पर यह सोलर लाइट नाकाम हो गई हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि लखनपुर, बूंदी, खांडेरा में लगाए गए सोलर सिस्टम खराब हो चुके हैं। इनको ठीक करने के लिए स्थानीय स्तर पर कोई तकनीशियन उपलब्ध नहीं है। कंपनी सोलर सिस्टम लगाने के बाद यहां से जा चुकी है। बताया गया कि चौदांस घाटी के गंगला गांव में सोलर सिस्टम लगाने का सामान लावारिस हालत में छोड़ रखा है। लोगों ने आशंका जताई कि इस काम में बड़ा घोटाला कर दिया होगा।
घटिया सामग्री लगाकर सीमांत के लोगों को धोखा दिया गया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य विजय गर्ब्याल ने इस मामले की जानकारी उरेडा के परियोजना अधिकारी अखिलेश शर्मा को दी है। परियोजना अधिकारी का कहना है कि सोलर सिस्टम लगाने वाली कंपनी को फिर से मौके पर भेजा जाएगा और खराब पड़े सिस्टम को सही करने के लिए कहा जाएगा।