उत्तराखंड: सड़क को लेकर विधायक धामी और बीआरओ अधिकारियों में विवाद, दर्ज कराई क्रॉस एफआईआर
- बंद सड़क खोलने को लेकर हुआ धारचूला विधायक हरीश धामी और बीआरओ के अधिकारियों के बीच विवाद
- सड़क खोलने के लिए खुद की मशीनें लेकर गए थे विधायक, बीआरओ के अधिकारियों के मना करने पर हुई तनातनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मलबा आने से बंद मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क खोलने के लिए अपनी मशीनें लेकर पहुंचे धारचूला विधायक हरीश धामी और बीआरओ के अधिकारियों के बीच विवाद हो गया। दोनों की तहरीर पर मुनस्यारी थाने में क्रॉस एफआईआर (एक दूसरे के खिलाफ मुकदमा) दर्ज कर ली गई है। बीआरओ की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है।
मुनस्यारी-जौलजीबी सड़क शुक्रवार शाम छह बजे फगुवाबगड़ के पास बंद हो गई थी। इसके चलते कई वाहन फंस गए थे। बीआरओ ने जब शनिवार शाम चार बजे तक सड़क नहीं खोली तो जाम में फंसे लोगों ने धारचूला विधायक हरीश धामी को फोन किया। समस्या को देखते हुए विधायक हरीश धामी सड़क खोलने के लिए अपनी दो जेसीबी मशीनें लेकर मौके पर पहुंच गए, पर बीआरओ के कर्मचारियों ने सड़क खोलने से मना कर दिया।
मौके पर मौजूद एक अधिकारी ने कहा कि सड़क अब सोमवार को ही खुलेगी। इससे लोगों का आक्रोश बढ़ गया। विधायक ने लोगों के आक्रोश को देखते हुए सड़क खोल दी। सड़क खोलने के बाद बीआरओ के अधिकारी ने मदकोट चौकी जाकर विधायक के खिलाफ तहरीर दी और मुनस्यारी अस्पताल में मेडिकल भी करवाया। उधर, विधायक हरीश धामी ने भी बीआरओ के अधिकारी हिमांशु चंद्रा के खिलाफ मदकोट चौकी में गाली-गलौच करने की तहरीर सौंपी। इस बारे में जब बीआरओ के अधिकारी हिमांशु चंद्रा से उनका पक्ष पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया और कहा कि वह केवल अपने ओसी को ही इस मामले में बयान देंगे।
अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए
सड़क खुलवाने को लेकर विधायक हरीश धामी और बीआरओ अधिकारियों के बीच तनातनी मामले में सामाजिक कार्यकर्ता कैलाश कोरंगा ने बताया कि 38 घंटे से बीआरओ की मिन्नतें करने के बाद भी बीआरओ के अधिकारी ने कहा कि कल रविवार है, परसों मार्ग खुलेगा। जब विधायक ने मार्ग खुलवाना शुरू किया तो बीआरओ अधिकारी ने विधायक को अपशब्द कहे।
वहीं, स्थानीय निवासी रमेश राम का कहना है कि बीआरओ मनमानी से काम कर रहा है। अधिकारियों को जनता का दर्द समझ में नहीं आता है। ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
दोनों पक्षों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है। बीआरओ के अधिकारी हिमांशु की तहरीर पर विधायक के विरुद्ध आईपीसी की धारा 332 और 504 एवं विधायक की तहरीर पर बीआरओ के विरुद्ध आईपीसी की धारा 504 एवं 506 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
- आसिफ खान, मुनस्यारी थानाध्यक्ष
बीआरओ के अधिकारी सड़क खोलने में असमर्थता जता रहे थे। मैंने सड़क खोल दी तो क्या गलत किया। सीमांत की जनता की समस्याओं को देखते हुए 11 सालों से हर बरसात में अपनी मशीनों से सड़क खोल रहा हूं। इसमें गलत क्या है। बीआरओ की दादागीरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
- हरीश धामी, विधायक धारचूला।